गर्भवती भाभी के साथ देवर ने लिए सात फेरे… पति बना बाराती और दिया आशीर्वाद
जौनपुर में गर्भवती भाभी ने देवर के साथ मंदिर में सात फेरे लेकर शादी रचाई है। इस शादी में दूल्हे का बड़ा भाई अर्थात महिला का पति भी बाराती बना। आरोप है कि भाभी का सम्बन्ध अपने देवर के साथ था। इसकी जानकारी पति को हुई तो उसने पत्नी को अपने साथ रखने से मना कर दिया और कहा कि होने वाला बच्चा मेरा नहीं है।
एनसीआई@जौनपुर (उत्तर प्रदेश)
जिले के बीबीपुर गांव से शादी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इसमें गर्भवती महिला ने अपने देवर के साथ मंदिर में सात फेरे लेकर शादी रचाई। यही नहीं इस शादी में दूल्हे का बड़ा भाई अर्थात महिला का पति भी बाराती बना। आरोप है कि महिला का सम्बन्ध अपने देवर के साथ था। इसके पति को यह जानकारी हुई तो उसने पत्नी को अपने साथ रखने से मना कर दिया। उसने यहां तक कह दिया कि उसकी पत्नी का होने वाला बच्चा उसका नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, बीबीपुर गांव के रहने वाले शिरोमणि गौतम के बेटे बहादुर गौतम की शादी 26 मई 2023 को सराय ख्वाजा क्षेत्र की रहने वाली सीमा गौतम से हुई थी। दोनों पक्षों ने धूमधाम से हिन्दू रीति-रिवाज से शादी की थी। इसके बाद सीमा अपने ससुराल में रहने लगी। परिवार में सब कुछ ठीक चल रहा था।

मगर, कुछ दिन बाद बहादुर गौतम ने अपने माता-पिता से कहा कि उसकी पत्नी सीमा का सम्बन्ध उसके छोटे भाई सुंदर गौतम के साथ है। पहले तो माता-पिता ने बहादुर को समझाया तो मामला शांत हो गया, मगर इसी बीच उसकी पत्नी सीमा गर्भवती हो गई। तब बहादुर ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया। उसका कहना था कि यह बच्चा उसका नहीं, बल्कि उसके छोटे भाई सुंदर गौतम का है।
सभी की सहमति से हुआ फैसला
धीरे-धीरे यह बात गांव भर में फैल गई। इसके बाद रिश्तेदार की मर्जी से सीमा और सुंदर गौतम ने कोर्ट मैरिज कर ली। कोर्ट मैरिज करने के बाद दोनों ने जोगी वीर मंदिर जाकर सात फेरे लिए। मंदिर में सीमा और सुंदर की शादी में बहादुर गौतम भी बाराती बनकर पहुंचा। इस दौरान मौके पर मौजूद लोग और बहादुर ने नए जोड़े को आशीर्वाद दिया। स्वाभाविक रूप से पूरे क्षेत्र में इस शादी की चर्चा है।
