मंत्री किरोड़ी लाल का बड़ा आरोप-एसओजी अधिकारियों ने रिश्तेदारों को पेपर दिए, एसआई भर्ती में आधे से ज्यादा फर्जी, दोषियों को बचाने की कोशिश हुई
एनसीआई@लालसोट (दौसा)
कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने गहलोत सरकार के दौरान हुए पेपर लीक प्रकरणों पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने आज सोमवार को दौसा स्थित मीणा हाईकोर्ट में जनसुनवाई के दौरान कहा-एसओजी के एक जांच अधिकारी मोहन पोसवाल ने अपने रिश्तेदारों को एसआई भर्ती परीक्षा का पेपर दिलवाया और निर्दोष लोगों को फंसाने का काम किया, जबकि दोषियों को बचाने की कोशिश की गई।
मंत्री मीणा ने कहा- यह 9 लाख युवाओं के भविष्य का सवाल है। गहलोत सरकार के कुशासन में 18 भर्ती परीक्षाएं हुईं, जिनमें से 17 के पेपर लीक हुए हैं। गोपनीयता इतनी भंग हुई है कि केवल ब्लूटूथ का ही नहीं, बल्कि भर्ती परीक्षा की एजेंसियों से भी पेपर लीक हुए हैं।आरपीएससी के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। बाबूलाल कटारा ने तो यह कह दिया कि सात दिन पहले मैंने रामूराम राइका को पेपर दिया था। वो कह रहा है कि 7 दिन पहले पेपर दे दिया था। मीणा ने कहा, मैंने तीनों आरपीएससी के अध्यक्षों के प्रमाण दे दिए।
सीएम से एसआई भर्ती परीक्षा को भी रद्द करने की मांग
मीणा ने कहा कि ईओ और आरओ भर्ती परीक्षा को भजनलाल सरकार ने रद्द कर दिया है, लेकिन हमने मुख्यमंत्री भजनलाल से एसआई भर्ती परीक्षा को भी रद्द करने की मांग की है। जांच कमेटी ने इस परीक्षा को रद्द करने की अनुशंसा की है, क्योंकि 486 सब इंस्पेक्टर में से आधे से ज्यादा फर्जी हैं।
