धनतेरस के दिन राजस्थान में बड़ा हादसा, 12 लोगों की मौत, 35 से अधिक घायल, काफी तेज गति होने से बस मुड़ नहीं ले सकी, पुलिया से टकरा गई
एनसीआई@सीकर
जिले के लक्ष्मणगढ़ में मंगलवार दोपहर करीब दो बजे काफी तेज गति से चल रही एक निजी बस पुलिया से जा टकराई। इस भीषण हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, वहीं 35 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को लक्ष्मणगढ़ और सीकर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें से 7 की हालत गम्भीर होने से उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया।

बस सालासर से नवलगढ़ जा रही थी। हादसा सालासर से 68 किमी दूर हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। वहीं राज्य सरकार ने इस हादसे में मरने वाले के परिजनों को 5 लाख रुपए और गम्भीर घायलों को 50 हजार रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। हादसे की सूचना मिलने पर राज्य के मंत्री सुमित गोदारा और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सीकर के एसके अस्पताल में मरीजों का हालचाल जानने पहुंचे।
तेज रफ्तार होने के कारण बस घूम नहीं सकी
निजी बस को लक्ष्मणगढ़ पुलिया से बायीं तरह से जयपुर-बीकानेर रोड की ओर जाना था। तेज रफ्तार में होने के कारण बस पूरी तरह घूम नहीं सकी और सीधे पुलिया से टकरा गई। इससे बस का आगे का 3 से 4 फीट का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घायल यात्रियों ने बताया है कि ड्राइवर काफी तेज बस चल रहा था। उसे कई बार टोका, मगर वह नहीं माना। इसी के चलते यह हादसा हुआ है। बस के घायल कंडक्टर राकेश शेखावत ने भी यही बात कही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस पुलिया की दीवार से टकराई और ड्राइवर साइड का पूरा हिस्सा चकनाचूर हो गया। इस भीषण हादसे के बाद बस में भारी अफरा-तफरी मच गई। वहीं, मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घायल सवारियों को एक-एक कर नजदीकी लक्ष्मणगढ़ सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया।
मंत्री गोदारा ने यह बताया
मंत्री सुमित गोदारा ने बताया- हादसे में मरने वाले के परिजनों को 5 लाख और गम्भीर घायलों को 50 हजार रुपए मुआवजा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुर्घटना के तुरंत बाद सीकर जाकर घायलों से मिलने को कहा था।

मरने वालों की हुई पहचान
हादसे में मरने वाले 12 लोगों में लक्ष्मणगढ़ निवासी आनंद कंवर (40) पत्नी केशव सिंह, सीकर निवासी बाबूलाल (30) पुत्र आसाराम , बासनी निवासी (सीकर) गिरधर कंवर पत्नी किशन सिंह और लक्ष्मणगढ़ निवासी सोनी देवी पत्नी मिठू राम, लक्ष्मणगढ़ निवासी सरोज पत्नी सुभाष, लक्ष्मणगढ़ के सेठों की ढाणी (राजास) निवासी विनीता (32), लक्ष्मणगढ़ के वार्ड 33 निवासी सीमा वाल्मीकि (22), भूमां बासनी निवासी किरण कंवर, नेछवा के नरसास निवासी कमला (35), जाजोद निवासी बनारसी मेघवाल (55), फतेहपुर के कारंगा बड़ा निवासी नीरज उर्फ आदित्य मेघवाल (16), खाजूवाला (बीकानेर) निवासी प्रमोद सिंह (35) शामिल हैं।

30 घायलों का सीकर में चल रहा इलाज
एसके अस्पताल सीकर के सुपरिटेंडेंट महेन्द्र खींचड़ ने बताया- 37 घायलों को सीकर में लाया गया था, इसमें से 7 को जयपुर रेफर कर दिया गया है। घायलों में अनिल शर्मा (28), साहिल खान (23), अमित (30), लक्ष्यराज सिंह, (5) माया (32), संजू (30), सोनिया (21), वंशिका (12), दीपिका (9), राजेश (34), सावित्री(60) , राहुल (17), पिंकी (30), ममता (32), सौम्या (30), मनीषा, जयकरण, प्रिया, राधा, गोपालराम, वर्षा, हेमंत, अंकित, सम्पत्ति देवी, अंकित, गुतली, अदीद, रिंकू, कनिका शामिल हैं।
