April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

जिन संजय कुमार के ट्वीट पर चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगा रही थी कांग्रेस, उन्होंने ही ट्वीट को गलत बता डिलीट कर दिया और मांग ली माफी, इधर कांग्रेस सन्न

जिन संजय कुमार के ट्वीट पर चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगा रही थी कांग्रेस, उन्होंने ही ट्वीट को गलत बता डिलीट कर दिया और मांग ली माफी, इधर कांग्रेस सन्न

अचम्भित करने वाले घटनाक्रम में सीएसडीएस के को-ऑर्डिनेटर संजय कुमार ने उस ट्वीट को ही डिलीट कर दिया, जिसमें उन्होंने महाराष्ट्र की दो सीटों पर वोटर कम होने‌ का दावा किया था। इन आंकड़ों का उदाहरण देकर ही कांग्रेस चुनाव आयोग पर आक्रामक थी।

एनसीआई@नई दिल्ली

चुनाव विश्लेषक और लोकनीति- CSDS के को-ऑर्डिनटर संजय कुमार ने महाराष्ट्र की वोटर लिस्ट पर सवाल उठाने को लेकर माफी मांगते हुए अपना इससे सम्बंधित ट्वीट डिलीट कर दिया है। बड़ी बात यह है कि संजय कुमार के इन आंकड़ों का सहारा लेकर ही राहुल गांधी और उनकी पार्टी कांग्रेस चुनाव आयोग पर आक्रामक थी। राहुल गांधी ने कई बार संजय कुमार के इस ट्वीट का जिक्र कर चुनाव आयोग पर निशाना साधा था। अब संजय कुमार ने माफी मांगते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव के आंकड़ों की तुलना करने में गलती हो गई थी। सम्बंधित ट्वीट डिलीट कर दिया गया है। इस घटनाक्रम से कांग्रेस, समाजवादी पार्टी व अन्य विपक्षी पार्टियां सन्न रह गई हैं, उन्हें कोई जवाब नहीं सूझ रहा है।

इधर, संजय कुमार ने कहा कि डेटा टीम से आंकड़ों का अध्ययन करने में गलती हो गई थी। हमारा उद्देश्य किसी तरह की गलत जानकारी देना नहीं था। संजय कुमार के माफी मांगने के बाद बीजेपी को कांग्रेस पर निशाना साधने का एक और बड़ा मौका मिल गया। बीजेपी ने कहा कि यह एक ‘ईमानदारी वाली गलती’ थी।

बीजेपी के आईटी चीफ अमित मालवीय ने कहा, हर चुनाव में यही होता है कि पहले कहा जाता है कि बीजेपी हार रही है। वहीं जब बाजी पलट जाती है तो इस बात पर चर्चा शुरू होती है कि बीजेपी आखिर कैसे जीत गई। यही लोग किसी तरह समझाते हैं कि बीजेपी कैसे जीती। उन्हें लगता है कि टीवी देखने वाली जनता मूर्ख है। उन्होंने कहा, सीएसडीएस ने बिना जांचे-परखे ही आंकड़े पोस्ट कर दिए। इससे कांग्रेस को महाराष्ट्र में प्रपंच गढ़ने का मौका मिल गया।

यह था संजय कुमार का दावा

डिलीट किए गए ट्वीट में संजय कुमार ने दावा किया था कि महाराष्ट्र की रामटेक विधानसभा नम्बर 59 में लोकसभा चुनाव के वक्त कुल 4 लाख 66 हजार 203 वोटर थे, जबकि विधानसभा चुनाव के दौरान यह संख्या घटकर केवल 2 लाख 86 हजार 931 रह गई थी। ऐसे में दोनों चुनाव के बीच वोटरों की संख्या 38 फीसदी तक कम हो गई।

संजय कुमार ने एक और दावा किया था कि देवलाली विधानसभा सीट पर लोकसभा चुनाव के दौरान 4 लाख 56 हजार 72 वोटर थे, जो कि विधानसभा चुनाव के दौरान 2 लाख 88‌ हजार 141 ही रह गए। ऐसे में 36 फीसदी वोटर कम हो गए। बीजेपी ने कहा, जिन संस्थानों के आंकडों पर राहुल गांधी को भरोसा है, वे स्वीकार कर रहे हैं कि उनके आंकड़े ही गलत थे। यह केवल महाराष्ट्र के वोटर्स को बदनाम करने की कोशिश है।

चुनाव आयोग से चल रही है तनातनी

राहुल गांधी इन दिनों बिहार में वोटर अधिकार यात्रा कर रहे हैं। 7 अगस्त को राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर ‘वोट’ चोरी के आरोप लगाते हुए प्रजेंटेशन दिया था। उन्होंने कहा था कि कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा सीट में वोटर लिस्ट में धांधली की गई। वहीं संजय कुमार के डेटा का उदाहरण देते हुए भी उन्होंने महाराष्ट्र में वोट चोरी का आरोप लगाया था।

राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में भी एसआईआर (SIR) करवाकर केन्द्र सरकार वोटों की चोरी करवाना चाहती है। उन्होंने चुनाव आयोग और बीजेपी की सांठगांठ के भी आरोप लगाए। इसके बाद चुनाव आयोग ने भी राहुल गांधी पर पलटवार किया और उनके दावों को खारिज कर दिया। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि राहुल गांधी निराधार दावे कर रहे हैं और इसके लिए उन्हें शपथ पत्र देकर देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाना चाहता है विपक्ष

खबर यह भी है कि इंडी गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाना चाहता है। विपक्ष का कहना है कि ज्ञानेश कुमार बीजेपी के प्रवक्ता की तरह व्यवहार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इंडी गठबंधन की बैठक के दौरान महाभियोग पर चर्चा की गई। हालांकि किसी नेता ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.