उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में खाद्य विभाग और प्रशासन की छापेमारी के दौरान अजीबोगरीब मामला सामने आया। यहां एक मिठाई विक्रेता ने अपनी ही दुकान की सिल्वर वर्क लगी मिठाई खाने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद एसडीएम के निर्देश पर जांच के लिए सेम्पल लेकर मिठाइयां फिकवा दी गई।
एनसीआई@लखनऊ
यूपी के हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में त्योहारों के मद्देनजर एसडीएम और खाद्य विभाग की टीम ने मिलावटी मिठाइयों के खिलाफ छापेमारी की। जांच के दौरान मां वैष्णो जय भवानी स्वीट हाउस के संचालक अन्नी बाबा को अधिकारियों ने उनकी ही दुकान की सिल्वर वर्क लगी मिठाई खाने को कहा, लेकिन उसने खाने से साफ इनकार कर दिया। दुकानदार के इनकार करने पर एसडीएम करनवीर सिंह ने मिठाइयों के सेम्पल भरवाए और मिठाइयां फिकवा दीं। जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अपनी ही दुकान की मिठाई खाने से मना
छापेमारी के दौरान जब टीम मां वैष्णो जय भवानी स्वीट हाउस पहुंची तो वहां रखी मिठाइयों की जांच की गई। अधिकारियों ने सिल्वर वर्क लगी मिठाई का एक पीस दुकानदार अन्नी बाबा को खाने के लिए दिया। अधिकारियों के बार-बार कहने के बावजूद उसने मिठाई खाने से मना कर दिया। इस घटना के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर गम्भीर सवाल खड़े हो गए।

गंदगी और प्रतिबंधित वर्क मिलने पर कार्रवाई
खाद्य विभाग के सहायक कमिश्नर गोरी शंकर और खाद्य सुरक्षा अधिकारी मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में टीम ने कई दुकानों से सेम्पल कलेक्ट कर लैब भेजे। निरीक्षण में दो दुकानों पर गंदगी पाई गई, जबकि मिठाइयों में प्रतिबंधित सिल्वर वर्क का इस्तेमाल सामने आया। एसडीएम करनवीर सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बाजार में मचा हड़कम्प, पुलिस बल रहा मौजूद
संयुक्त छापेमारी की खबर फैलते ही मौदहा कस्बे के अन्य मिठाई विक्रेताओं में हड़कम्प मच गया। इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय और कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे. प्रशासन ने साफ किया है कि त्योहारों के दौरान लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
