बगरू के रामपुरा कंवरपुरा में शुक्रवार सुबह प्राथमिक स्कूल का जायजा लेने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं को ग्रामीणों ने खदेड़ दिया। ग्रामीणों ने सीजेपी कार्यकर्ताओं पर पथराव किया और रास्ते में ट्रेक्टर-ट्रॉली खड़ी कर घेराबंदी की।
एनसीआई@जयपुर
राजधानी जयपुर के बगरू स्थित रामपुरा कंवरपुरा गांव में शुक्रवार सुबह दस बजे करीब भारी हंगामा हो गया। कॉकरोच जनता पार्टी के को-कन्वीनर आशुतोष रांका और उनकी टीम जब प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची तो उन्हें ग्रामीणों के उग्र विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि ग्रामीणों ने सीजेपी कार्यकर्ताओं से मारपीट कर उन्हें खदेड़ दिया और उनकी गाड़ियों पर पथराव भी किया।

इससे पहले सुबह 8 बजे करीब भी पहले पहुंचे सीजेपी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच तीखी धक्का-मुक्की हुई थी। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें गांव से बाहर निकाल दिया था। नाराज ग्रामीणों ने स्कूल के बाहर धरना शुरू कर मुख्य रास्ते पर ट्रेक्टर-ट्रॉली खड़ी कर नाकेबंदी कर दी।

साढ़े बारह लाख स्वीकृत हो चुके, बाहरी व्यक्ति मंजूर नहीं
ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि सरकार ने स्कूल के लिए 12.50 लाख रुपए स्वीकृत कर दिए हैं। वे इसे अपने स्तर पर ठीक करा लेंगे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सीजेपी नेता यहां राजनीति और गंदगी करने आ रहे हैं। हम किसी भी बाहरी व्यक्ति को यहां नहीं आने देंगे।

गौरतलब है कि स्कूल भवन के खस्ताहाल होने के कारण बच्चों को फिलहाल पास के एक बाड़े में पढ़ाया जाता है। सीजेपी की टीम का आज जयपुर के दो स्कूलों में व्यवस्थाओं का जायजा लेने का कार्यक्रम था। इनमें रामपुरा कंवरपुरा गांव का स्कूल भी शामिल था। इससे नाराज ग्रामीण इनका विरोध करने के लिए तैयार बैठे थे। मगर सीजेपी कार्यकर्ता स्कूल तक पहुंचने में सफल हो गए। इस बात का पता चलते ही ग्रामीण वहां पहुंच गए और सीजेपी के कार्यकर्ताओं को धक्का देकर गांव से बाहर निकाल दिया। इसके बाद ग्रामीण सीजेपी के विरोध में स्कूल के बाहर धरना पर बैठ गए।

गांव वाले नहीं भाजपा के बुलाए गुंडे हैं- आशुतोष रांका
इधर, आशुतोष रांका ने इसे भाजपा प्रायोजित विरोध बताते हुए मारपीट का आरोप लगाया , साथ ही स्कूल की बदहाली पर सवाल उठाए। आशुतोष ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “यह वहां के गांव वाले नहीं भाजपा के बुलाए हुए गुंडे हैं। इनका सरगना कमल प्रधान वहां गरीब लोगों की जमीन पर कब्जे का काम करता है। बच्चों को भैंसों के तबेले में पढ़ाया जा रहा है और यह रोकने पर भाजपा अपने गुंडे भेज रही है। क्या शर्मनाक स्थिति है।”

आशुतोष रांका ने लिखा, “रामपुरा, कंवरपुरा स्थित सरकारी स्कूल पिछले कई सालों से भैंसों के तबेले में चल रहा है। मैं अभी वही पहुंच रहा हूं। लेकिन हमारी टीम के कुछ साथी जो वहां पहुंचे हुए थे, उनकी टीम के साथियों के साथ भाजपा के गुंडों ने मारपीट की।

48 घंटे का यह दिया अल्टीमेटम
आशुतोष रांका ने आगे कहा- “आज पूरे देश ने भाजपा की गुंडागर्दी लाइव देखी है। आज राजस्थान के लोकतंत्र में काला दिन है। ये मदन दिलावर के कहने पर हुआ है। 48 घंटे का समय दे रहे हैं, ये सारे गुंडे अरेस्ट होने चाहिएं और आप ऑर्डर वापस लीजिए। नहीं तो ये आंदोलन शिक्षा से बढ़कर मदन दिलावर पर जाएगा। हम तुम्हारी गुंडागर्दी से डरने वाले नहीं हैं।”

