देहरादून के प्रेमनगर में 32 वर्षीय मदन मुखिया की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी देवी और पड़ोसी लल्लन शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
एनसीआई@देहरादून
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक महिला ने अपने पड़ोसी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने 30 वर्षीय महिला देवी मुखिया और उसके 23 साल के पड़ोसी लल्लन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मृतक की पहचान 32 साल के मदन मुखिया के रूप में हुई है। शनिवार को मदन की लाश प्रेमनगर के जंगल वाले इलाके में मिली थी। उसके शरीर पर चाकू से वार किए जाने के कई निशान थे।
पुलिस के अनुसार, मदन और लल्लन दोनों साथ में मजदूरी करने गए थे। वहीं, हत्या से करीब दो दिन पहले मदन ने लल्लन के फोन में अपनी पत्नी की फोटो और वीडियो देख लिए। इस प्रकार मदन मुखिया को अपनी पत्नी और पड़ोसी लल्लन शर्मा के बीच चल रहे सम्बंधों का पता चला। इससे गुस्साए मदन ने सबको उनके सम्बंधों की जानकारी देने और जान से मार देने की धमकी दी थी। पुलिस का कहना है कि इससे घबरा कर देवी और लल्लन ने मिलकर मदन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। ये दोनों करीब तीन साल से सम्पर्क में थे। मदन और लल्लन दोनों मजदूरी करते थे। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार शाम देवी ने अपने पति मदन को शराब पीने के बहाने पास के जंगल में बुलाया। वहां पहले से लल्लन शर्मा मौजूद था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर मदन पर चाकू से हमला किया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मदन मूल रूप से बिहार का रहने वाला था।

बाद में मदन का खून से सना शव प्रेमनगर के जंगल वाले इलाके में मिला। इस सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इस मामले में पुलिस ने BNS की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने के लिए CCTV फुटेज सहित अन्य सुरागों से मदद मिली।
पुलिस ने शनिवार रात लल्लन शर्मा को एक मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में लल्लन ने मदन की हत्या में शामिल होने की बात कबूल कर ली है। इसके बाद पुलिस ने मदन की पत्नी देवी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
