शिवसेना (UBT) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आनंद दुबे ने अपने पद के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। पार्टी छोड़ने के बाद आनंद दुबे ने कहा है कि जिस ट्रेन में कॉकरोच हो, वह उसमें सफर नहीं करेंगे।
एनसीआई@मुम्बई
उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना (UBT) लम्बे अरसे से संकट झेल रही है। एक के बाद एक कई प्रमुख नेता पार्टी को अलविदा कह रहे हैं। इस क्रम में अब पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आनंद दुबे ने अपने पद से और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
उल्लेखनीय है कि आनंद दुबे चुनाव आयोग के खिलाफ जारी आंदोलन और उसमें शिवसेना (UBT) की भागीदारी से नाराज बताए जा रहे थे। इसके बाद सोमवार को उन्होंने उद्धव की पार्टी से इस्तीफा दे दिया। पार्टी से इस्तीफा देने के बाद आनंद दुबे ने कई बड़े बयान जारी किए हैं।
‘मैं CJP के साथ काम नहीं कर सकता’
शिवसेना (UBT) छोड़ने के बाद आनंद दुबे ने कहा- “चुनाव आयोग और SIR के मुद्दे पर शिवसेना (UBT) की भूमिका से मैं सहमत नहीं था। मैं कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के साथ काम नहीं कर सकता।” शिवसेना यूबीटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आनंद दुबे ने आज मुम्बई में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और प्रवक्ता पद से इस्तीफा देते हुए कहा कि उन्होंने भारी मन से यह फैसला लिया है। पिछले कई महीनों से वह अंदर ही अंदर परेशान थे।
‘जिस ट्रेन में कॉकरोच हो, उसमें सफर नहीं’
इस्तीफे के बाद पत्रकारों से बातचीत में आनंद दुबे ने कहा, “मेरे हीरो शरजील इमाम या उमर खालिद नहीं हैं, और न ही ध्रुव राठी मेरे हीरो हैं। मेरे हीरो स्मित मच्छर हैं, जिन्होंने भारत और पूरी दुनिया को बजरंग बली की शक्ति का संदेश दिया। जब तक मारुति और भगवान हनुमान हमारे साथ हैं, कोई हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकता। उस केप्टन ने जिस बहादुरी से लड़ाई लड़ी, उससे सैकड़ों यहूदियों की जान बची फिर भी, हमारी पार्टी ने उनके बारे में एक भी ट्वीट नहीं किया। क्या इससे किसी की आंखों में आंसू नहीं आएंगे?”
अपने आगे के सफर को लेकर आनंद दुबे ने कहा कि “जिस ट्रेन में कॉकरोच हो, मैं उस ट्रेन में सफर नहीं करूंगा। जब उचित प्लेटफार्म मिलेगा उस पार्टी को जॉइन करूंगा।”
दुबे ने कहा, “राजनीति कीजिए, सरकार का विरोध कीजिए, आलोचना कीजिए, महंगाई और बेरोज़गारी के ख़िलाफ़ प्रदर्शन और भूख हड़ताल कीजिए, लेकिन देश के खिलाफ काम मत कीजिए।”
आदित्य ठाकरे ने की रैली
उल्लेखनीय है कि शिवसेना (UBT) INDIA गठबंधन का हिस्सा है और कांग्रेस के साथ मिलकर SIR की प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने सोमवार को शाम 4 बजे से 7 बजे तक मुम्बई के छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में इस मुद्दे पर रैली भी बुलाई। आदित्य ठाकरे ने कहा- “मुंबई में उन सभी लोगों के लिए जो हमारे देश, हमारे लोकतंत्र, हमारे संविधान और हमारे वोट के लिए खड़े होना चाहते हैं। आज छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में हमारे साथ जुड़ें। शाम 4 बजे से 7 बजे तक। कल हिरासत में लिए गए छात्रों को रिहा कराने के बाद, हमने आपसे वादा किया था कि हम आज आपके साथ खड़े होंगे और इस बेरहम सरकार से अपने लोकतंत्र को वापस पाने की हर लड़ाई में आपके साथ रहेंगे। आइए, एकजुट हों।”
