करीना कपूर के दिवाली लुक में पहने गए 30 कैरेट के पन्ने के पेंडेंट पर विवाद खड़ा हो गया है। कुरान की आयत लिखे इस शाही हार को लेकर कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने करीना और रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा है।
एनसीआई@मुम्बई
प्रसिद्ध अभिनेत्री करीना कपूर खान दिवाली पर पहने गए एक बेहद खास शाही हार के चलते विवादों में आ गई हैं। दरअसल, करीना ने दिवाली के मौके पर 30 कैरेट का पन्ने वाला पेंडेंट पहना था। इस पर कुरान की पवित्र आयत ‘आयत-अल-कुर्सी’ खुदी हुई है। इसी बात पर बवाल हो गया है।
मामले के अनुसार, कांग्रेस नेता और पार्टी के नेशनल मीडिया को-ऑर्डिनेटर अब्बास हफीज ने करीना और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को इस मामले में कानूनी नोटिस भेजा है।
दरअसल, करीना ने दिवाली पर अपने खूबसूरत लुक की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर की थीं। इन तस्वीरों में वह डिजाइनर पुनीत बलाना का बेज रंग का काफ्तान और उससे मैच करती पगड़ी पहने नजर आईं। उनके इस रॉयल अंदाज में सबसे ज्यादा ध्यान खींचा 30 कैरेट के पन्ने से बने उस खास पेंडेंट ने, जिस पर कुरान की आयत लिखी हुई है। तस्वीरें सामने आने के बाद उनके लुक की खूब चर्चा हुई, लेकिन अब यही पेंडेंट विवाद की वजह बन गया है।
200 साल पुराना है करीना का ये शाही पेंडेंट
करीना के इस पूरे लुक को उनकी करीबी दोस्त और सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने तैयार किया था। रिया ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर करते हुए बताया था कि करीना ने करीब 200 साल पुरानी शाही जूलरी पहनी है। इसमें भोपाल के नवाब की कलगी और भोपाल की बेगम का 30 कैरेट का पन्ना शामिल है, जिस पर आयत-अल-कुर्सी उकेरी गई है।
रिया ने यह भी बताया था कि ये गहने भोपाल के शाही परिवार की विरासत हैं और सैफ अली खान के परिवार के जरिए करीना तक पहुंचे हैं। यानी इस खास पेंडेंट का कनेक्शन सीधे पटौदी और भोपाल के शाही खानदान से जुड़ा हुआ है।
कांग्रेस नेता ने करीना और रिया कपूर को भेजा नोटिस
अब्बास हफीज ने 11 नवम्बर को करीना कपूर और रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा है। इसमें उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर की गई उन तस्वीरों, वीडियो और पोस्ट पर आपत्ति जताई है, जिनमें करीना इस पेंडेंट को पहने नजर आ रही हैं।नोटिस में मांग की गई है कि दोनों करीना कपूर अपने सोशल मीडिया अकाउंट से सम्बंधित तस्वीरें और वीडियो हटाएं। साथ ही सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और भरोसा दें कि भविष्य में कुरान की पवित्र आयत वाले इस गहने को ऐसे अंदाज में पेश नहीं किया जाएगा, जिससे उसकी धार्मिक गरिमा को ठेस पहुंचे।
कपड़ों से नहीं, कुरान की आयत दिखाने के तरीके से है ऐतराज
कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने अपने नोटिस में यह भी साफ किया है कि उन्हें करीना के कपड़ों, उनकी निजी पसंद या गहने पहनने की आजादी से कोई आपत्ति नहीं है। उनका विरोध खासतौर पर उस तरीके को लेकर है, जिस तरह कुरान की पवित्र आयत वाले पेंडेंट को तस्वीरों में दिखाया गया।
नोटिस के मुताबिक, आयत-अल-कुर्सी जैसी पवित्र आयत को पहनते या सार्वजनिक रूप से दिखाते समय उसके धार्मिक सम्मान और मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए। अब्बास का कहना है कि करीना की तस्वीरों में पेंडेंट को जिस पहनावे और अंदाज में पेश किया गया, वह उनके मुताबिक इस धार्मिक सम्मान के अनुरूप नहीं था।
कुरान की आयतों को गहने में पहनने पर भी उठाए सवाल
इस कानूनी नोटिस में इस्लामी विद्वानों की राय का भी जिक्र किया गया है। इसमें कहा गया है कि कुछ इस्लामी विद्वान कुरान की आयतों को गहनों के रूप में पहनने पर भी सवाल उठाते हैं। उनकी सलाह है कि ऐसी पवित्र लिखावट की गरिमा बनी रहनी चाहिए और उसे ऐसी जगह या परिस्थिति में नहीं रखना चाहिए जहां अनजाने में उसका अपमान हो सकता है। हालांकि, नोटिस में यह भी माना गया है कि इस मुद्दे पर अलग-अलग विद्वानों की राय अलग-अलग है।
