एनसीआई@बूंदी
तालेड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर हुई एक बड़ी वारदात से सनसनी फैल गई। दरअसल, नेशनल हाईवे पर स्थित वेदांता कॉलेज के पास दिनदहाड़े कार सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली युवक के सीने में धंसी मिली है। हमलावर फरार हैं।
मृतक की पहचान कोटा के संजय नगर निवासी मोहम्मद यकीन पुत्र इस्माइल के रूप में हुई है। इसे डाबी के एक खनन कारोबारी का भाई बताया जा रहा है। वारदात की सूचना मिलने पर तालेड़ा थाना प्रभारी मुकेश यादव मौके पर पहुंचे। बाद में एसपी अवनीश कुमार और डीएसपी गंगा सहाय ने भी मौके पर पहुंच घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस के साथ एफएसएल और एमओबी टीम ने मौके से सबूत जुटाए। इसके साथ ही पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाल कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। अभी इस वारदात के कारणों के बारे में सिर्फ कयास ही लगाए जा सकते हैं।
पहले कंट्रोल रूम को मिली थी कार में शव की सूचना
सामने आया है कि पुलिस कंट्रोल रूम को पहले कार में शव होने की सूचना मिली थी। यहां से तालेड़ा थाना पुलिस को जानकारी दी गई। तालेड़ा थाना प्रभारी मुकेश यादव के अनुसार, पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे पर वेदांता कॉलेज के पास एक कार में किसी व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। इस पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां कार की चालक सीट पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। उच्च अधिकारियों को यह जानकारी दी गई। साथ ही आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।

आरोपी के मृतक का परिचित होने की सम्भावना, पास से मारी गई गोली
मौके के हालात देखने से पता चल रहा है कि जिस युवक की हत्या हुई है, वह ड्राइवर सीट पर बैठा था। साथ ही कार के सामने वाला कांच तड़का हुआ या टूटा हुआ नहीं है, अपितु इस पर गोली से हुआ छेद है। इससे जाहिर है कि हमलावर ने अपनी पिस्टल या इस तरह का जो भी हथियार रहा हो, उसकी नली को ठीक कांच से सटाकर फायरिंग की। गोली दूर से चलाई गई होती तो कांच टूटता या तड़कता। इससे यह लग रहा है कि आरोपी मृतक का परिचित था।
