एनसीआई@बूंदी
राज्य के खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के दिशा-निर्देश एवं जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव द्वारा साप्ताहिक बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना में बूंदी जिले में ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान को तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में आज गुरुवार, 6 अगस्त को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी सामर के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दल द्वारा जिले में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत आज मैसर्स मांगी लाल समोसा सेंटर का निरीक्षण किया गया। इसमें मौके पर साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। उपयोग किए गए कागज सड़क पर बिखरे हुए मिले, जिन्हें तुरंत डस्टबिन में डालने के निर्देश दिए गए। साथ ही बर्तन धोने के सिंक में भी गंदगी मिली, जिसे तत्काल साफ करने के निर्देश मौके पर ही दिए गए।

लाइसेंस/पंजीयन निलम्बन हो सकता है
खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 एवं अधिनियम 2011 की धारा 32 के तहत सम्बंधित प्रतिष्ठान को सुधार सूचना नोटिस जारी करते हुए सात दिन में सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय में ये सुधार नहीं होने पर लाइसेंस/पंजीयन निलम्बन की कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी।

इसके अलावा रानीजी की बावड़ी क्षेत्र में संचालित समस्त खाद्य कारोबारियों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्हें अखबार में खाद्य सामग्री बेचने पर रोक लगाने के सख्त निर्देश दिए गए। मौके पर अखबार की रद्दी हटवाकर खाद्य पदार्थों को केवल सफेद बटर पेपर में ही बेचने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी व्यापारियों को खाद्य सामग्री ढककर रखने, साफ-सफाई बनाए रखने एवं डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए गए।
सात दिनों में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश
सभी सम्बंधित खाद्य कारोबारियों को भी धारा 32 के तहत नोटिस जारी कर सात दिनों में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ऐसा नहीं करने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
इस निरीक्षण के दौरान मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से खाद्य सामग्री की मौके पर ही जांच की गई। वहीं उपयोग में लिए जा रहे खाद्य तेल की टीपीसी मीटर से जांच की गई। जांच में सभी नमूने संतोषजनक पाए गए।

लगातार जारी रहेगा अभियान
सीएमएचओ डॉ. सामर ने बताया कि जिले में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही मिलावट या लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
