एनसीआई@बूंदी/तालेड़ा
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तालेड़ा में बुधवार को हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तालेड़ा के प्रभारी डॉ. रामावतार नागर ने बताया कि हाई रिस्क गर्भावस्था में प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ सकती है। ऐसी परिस्थितियों में समय पर पर्याप्त रक्त उपलब्ध करवाना मां और शिशु दोनों की सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए सीएचसी तालेड़ा द्वारा रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इस विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
रक्तदाताओं व सहयोगियों का जताया आभार
डॉ. नागर ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से जरूरतमंद मरीजों, विशेषकर हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के लिए आवश्यक समय पर रक्त उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
डॉ. नागर ने कहा कि, “रक्तदान महज एक सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि किसी मां और उसके अजन्मे शिशु के जीवन की रक्षा का संकल्प है। रक्तदाताओं द्वारा दिया गया प्रत्येक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है।” उन्होंने आमजन से भविष्य में भी नियमित रूप से स्वेच्छिक रक्तदान करने तथा इस मानवीय अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित हो
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तालेड़ा का प्रयास रहेगा कि हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं सहित आवश्यकता वाले मरीजों के लिए समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित हो तथा रक्त की कमी के कारण किसी भी आपातकालीन स्थिति में उपचार प्रभावित न हो।
‘रक्तदान करें—जीवन बचाएं, सुरक्षित मातृत्व में अपना योगदान दें।’
