एनसीआई@बूंदी
जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव के निर्देश पर जिले में चिकित्सा संस्थानों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए चलाए जा रहे सघन औचक निरीक्षण अभियान के क्रम में बुधवार को सीएमएचओ डॉ. ओपी सामर ने जिला टीबी अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया।
इस निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रभारी एवं स्टाफ मौजूद रहा। सीएमएचओ डॉ. सामर ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया तथा साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीबी अस्पताल में संक्रमण नियंत्रण की दृष्टि से स्वच्छता व्यवस्था का बेहतर होना अत्यंत आवश्यक है, इसलिए परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।

रोगियों व परिजनों से बातचीत कर ली आवश्यक जानकारी
सीएमएचओ ने अस्पताल में इलाज करवा रहे टीबी रोगियों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार एवं दवाइयों की उपलब्धता के सम्बंध में जानकारी ली। उन्होंने टीबी रोगियों को उपलब्ध कराई जा रही निक्षय पोषण किट की स्थिति की जानकारी लेते हुए कितने रोगियों को इसका लाभ मिला तथा वर्तमान में कितने रोगी उपचाराधीन हैं, इसकी भी समीक्षा की।
सीएमएचओ ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत संचालित गतिविधियों एवं प्रगति की जानकारी ली और अभियान को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सिलिकोसिस रोगियों की स्थिति, उनके उपचार एवं लगाए जा रहे शिविरों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं माकूल बनाए रखें
डॉ. सामर ने अस्पताल प्रभारी एवं स्टाफ को निर्देशित किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं माकूल बनाए रखें। विशेष रूप से स्वच्छता, दवाइयों की उपलब्धता, मरीजों की सुविधाओं एवं उपचार व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए।
सीएमएचओ ने कहा कि जिले में चिकित्सा संस्थानों के नियमित एवं औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। निरीक्षण का उद्देश्य व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाना तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
