एनसीआई@नई दिल्ली
3 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान महिला पत्रकार से बदसलूकी के जो आरोप एसीपी विवेक भगत पर लगे थे, उस मामले में दिल्ली पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़े खुलासे किए हैं। पुलिस ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया है कि दिल्ली पुलिस के अधिकारी पर जो आरोप लगे थे, वह फर्जी थे। इस मामले में सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, दिल्ली पुलिस ने उसे एआई जनरेटेड बताया। इसे हरियाणा के पलवल के रहने वाले शख्स नदीम ने बनाया था।
जानें नदीम के बारे में
पुलिस ने बताया कि नदीम साकेत के एक मदरसे में पढ़ता था और वह 10वीं फेल है। सीजेपी प्रदर्शन के समय ही इसने न्यूज आईना टुडे नाम से इंस्टाग्राम पर पेज बनाया था। उस पर अब तक वह 1200 पोस्ट सीजेपी के समर्थन में कर चुका है। इसके साथ ही उसकी पोस्ट दिल्ली पुलिस और सरकार के खिलाफ होते हैं।

पुलिस का दावा है कि, नदीम इस तरह का वीडियो पोस्ट करता था, जिससे दिल्ली में फिर से 2020 जैसा दंगा भड़क जाए। कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ जाए। पुलिस ने कहा कि इसके फॉरेन लिंक के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
नदीम जैसे कई इंस्टाग्राम हेंडल्स की पहचान
पुलिस ने नदीम के जैसे कई और इंस्टाग्राम हेंडल्स की पहचान की है जो पुलिस और सरकार के खिलाफ फर्जी वीडियो बनाकर विभिन्न इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर देश में दंगा फैलाकर माहौल खराब करने में जुटे हुए हैं।
पुलिस के अनुसार इसके मोबाइल में कई सारे एआई टूल्स मिले हैं, जो महंगे होते हैं। इन टूल्स को इसने कैसे खरीदा? पैसा कहां से आया? इसकी जांच दिल्ली पुलिस कर रही है।
