April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

100 से ज्यादा की स्पीड ने ली 6 की जान: 3 फीट की दीवार तोड़कर पुलिया से नीचे गिरी कार, एक की थी 20 दिन बाद शादी

एनसीआई@सीकर/सीकर

सीकर में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-52 पर शनिवार रात करीब 8 बजे हुए भीषण हादसे में अब तक 6 लोगों की जान चली गई है। कार सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, वहीं, एक घायल युवक ने रविवार सुबह जयपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे के समय कार की रफ्तार 100 किमी से भी अधिक बताई गई है। तेज रफ्तार के चलते मोड़ पर आउट ऑफ कंट्रोल हुई कार पुलिया की 3 फीट ऊंची दीवार तोड़कर नीचे जा गिरी थी। हादसे में मरने वाले सभी छह लोग एक कार्यक्रम में शामिल होने श्रीमाधोपुर जा रहे थे। पुलिस ने रविवार सुबह शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

एएसपी रतनलाल भार्गव ने बताया कि, इस हादसे में सीकर निवासी प्रभाती लाल जाट (28), हरिराम जाट (30), अहसान अली (16), पवन (30) व लक्ष्मणगढ़ निवासी विकास जाट (25) की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि, सीकर निवासी सुनील जाट ( 25 ) ने रविवार सुबह जयपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ा।

जीजा के बुलाने पर कार लेकर गया था सुनील

सीकर में ही आइसक्रीम की फेक्ट्री में काम करने वाले सुनील के जीजा हरिराम ने उसे शनिवार शाम को कार लेकर बुलाया था। वहां हरिराम ने उसे आइसक्रीम फेक्ट्री के मालिक के यहां श्रीमाधोपुर कार्यक्रम में चलने को कहा। इसके बाद फेक्ट्री में ही काम करने वाले अहसान, प्रभाती लाल, विकास और एक अन्य परिचित पवन को साथ ले वे रवाना हुए। सुनील के पिता सीकर में राजस्थान आर्म्ड कांस्टेबुलरी (RAC) में तैनात हैं। वह खुद कॉम्पिटिशन की तैयारी कर रहा था।

वे शनिवार रात करीब 8 बजे वे रींगस क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-52 से गुजरे। इसी दौरान बावड़ी ठिकरिया गांव के पास तेज रफ्तार कार मोड़ पर पुलिया की दीवार तोड़कर नीचे जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय कार की स्पीड 100 किमी से अधिक रही होगी। इस हादसे में कार की ऐसी हालत हो गई थी कि पुलिस ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्क्त के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाल सकी।

10 अक्टूबर को तय थी पवन की शादी

हादसे में मरने वाले पवन के तीन भाई-बहन और हैं। पिता दोनों पैर से दिव्यांग हैं। सभी भाई-बहनों में अकेला कमाने वाला पवन सीकर के औद्योगिक क्षेत्र में ही एक ट्रांसफार्मर बनाने की फेक्ट्री में काम करता था। कुछ दिन पहले ही उसकी सगाई हुई थी। 10 अक्टूबर को शादी होनी थी।

सांसद सुमेधानंद व शिक्षा मंत्री डोटासरा पहुंचे

हादसे की सूचना मिलने पर शनिवार रात करीब 9 बजे सीकर सांसद सुमेधानंद सरस्वती मौके पर पहुंचे। उन्होंने एएसपी रतन लाल भार्गव के साथ घटनास्थल का मुआयना कर हादसे की जानकारी ली। शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा रविवार सुबह दो दिवसीय दौरे पर सीकर पहुंचे। सबसे पहले वे रींगस सीएचसी पहुंचे। यहां डोटासरा ने मृतकों के परिजनों को ढांढ़स बंधाया। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने रींगस में जल्द से जल्द ट्रोमा सेंटर शुरू करने के लिए उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.