7 लाख की 11 बाइक बरामद, एक गिरफ्तार, दो बाल अपचारी विरुद्ध
एनसीआई@कोटा
महावीर नगर थाना पुलिस ने एक बाइक चोर गिरोह का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने के अलावा दो बाल अपचारियों को निरुद्ध भी किया है।
महावीर नगर थानाधिकारी कलावती चौधरी ने बताया कि 12 दिसम्बर को महावीर नगर थर्ड निवासी मयंक गुप्ता ने बाइक चोरी की रिपोर्ट दी थी। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मंगलवार रात को महावीर नगर पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान एक बाइक पर तीन लड़के आते नजर आए, जो पुलिस को देखकर वापस बाइक घुमा कर जाने लगे।
इस पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें घेर कर रोका और बाइक के कागज मांगे तो वे सकपका गए। वे गाड़ी के कागज नहीं दिखा सके। इस पर पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया तथा तीनों लड़कों को थाने ले गई। वहां गाड़ी की डिटेल खंगालने पर वह मयंक गुप्ता की चोरी हुई बाइक ही निकली। इसके बाद पुलिस ने तीनों से पूछताछ की। इसमें यह तीनों शातिर बाइक चोर निकले।
इन तीनों में से दो के नाबालिग होने से इनके खिलाफ बाल अपचारी के रूप में कार्यवाही करते हुए, उन्हें बाल संप्रेषण गृह में भेज दिया गया। वहीं तीसरा आरोपी अनंतपुरा निवासी नारू भील निकला, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि नारू भील से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर दस और बाइक जब्त की गई, जिनकी कुल कीमत सात लाख के करीब है। आरोपी के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
