April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राहुल के बोल पर सवाल: रैली में तो अडाणी पर लगाया निशाना, चौथे दिन कर दी 1600 हेक्टेयर जमीन आवंटित

राहुल के बोल पर सवाल: रैली में तो अडाणी पर लगाया निशाना, चौथे दिन कर दी 1600 हेक्टेयर जमीन आवंटित

एनसीआई@जयपुर

जयपुर में हुई कांग्रेस की रैली में जिस अडाणी को राहुल गांधी ने जम कर कोसा, उसी को गहलोत सरकार ने 1600 हेक्टेयर जमीन देने का निर्णय लिया है। 4 दिन पहले ही हुई रैली में राहुल ने केन्द्र सरकार के बहाने अडाणी ग्रुप को घेरा था। अब बुधवार को हुई गहलोत केबिनेट की बैठक में जमीन आवंटन को हरी झंडी देने के बाद सियासी हलकों में चर्चा का जोर है। अडाणी ग्रुप और राजस्थान सरकार ने सोलर पार्क के लिए जॉइंट वेंचर कम्पनी बना रखी है। उसी कम्पनी को जमीन आवंटन को मंजूरी दी है।

केबिनेट ने 1500 मेगावाट का सोलर पार्क बनाने के लिए अडाणी और राजस्थान सरकार की जॉइंट वेंचर कम्पनी अडाणी रिन्यूबल एनर्जी पार्क को जैसलमेर के भीमसर, माधोपुरा, सदरासर गांव में 1324.14 हेक्टेयर, बाटयाडू और नेडान गांव में 276.86 हेक्टेयर सरकारी जमीन आवंटित करने को मंजूरी दी है। 30 मेगावाट विंड सोलर हाइब्रिड पावर प्रोजेक्ट के लिए अडाणी ग्रुप को जैसलमेर के केरालियां गांव में 64.38 हेक्टेयर सरकारी जमीन लीज पर देने को मंजूरी दी है।

राहुल गांधी ने कहा था- पीएम सुबह उठते ही कहते हैं अडाणी-अंबानी को क्या दें

राहुल गांधी ने ​12 दिसम्बर को जयपुर में हुई कांग्रेस की रैली में अडाणी-अम्बानी को फायदा पहुंचाने के मुद्दे पर केन्द्र सरकार को निशाने पर लिया था। राहुल ने कहा था- एयरपोर्ट, कोल मांइस, सुपर मार्केट, जहां देखो, वहां दो ही लोग दिखेंगे। अडाणीजी-अम्बानीजी। गलती उनकी थोड़ी ही है। गलती तो प्रधानमंत्री की है। आपको कोई मुफ्त में कुछ दे देगा तो आप वापस दे देंगे क्या? प्रधानमंत्री 24 घंटे यही सोचते हैं। सुबह उठते ही कहते हैं अडाणी-अम्बानी को क्या दें? चलो आज एयरपोर्ट दे देते हैं। आज किसानों के खेत दे देते हैं, खान दे देते हैं।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

केबिनेट में अडाणी ग्रुप को जमीन आवंटन के फैसले के बाद सोशल मीडिया पर भी सवाल उठने शुरू हो गए हैं। अडाणी ग्रुप को नियमों के हिसाब से पूरी कीमत लेकर ही जमीन आवंटन को मंजूरी दी है। राहुल गांधी के बयान को आधार बनाकर दोहरे मापदंड अपनाने के आरोप लग रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.