एक बार फिर चला यह रथ, आपके पास है 51 हजार रुपए कमाने का मौका
झालावाड़ जिला कलक्टर ने ‘शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के जागरुकता रथ’ को दिखाई हरी झंडी, 17 से 21 अक्टूबर तक चलेगा विशेष जांच अभियान, खाद्य पदार्थों के लिए जाएंगे सेम्पल
एनसीआई@झालावाड़
जिले में 17 से 21 अक्टूबर तक चलाए जाने वाले विशेष शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित ने बुधवार को मिनी सचिवालय परिसर से शुद्ध के लिए युद्ध अभियान जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान जिला कलक्टर द्वारा आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में अधिक से अधिक खाद्य पदार्थों के सेम्पल लेने के सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करें कि त्यौहारों पर कहीं भी मिलावटी दूध, मावा, मिठाई व अन्य खाद्य पदार्थों का विक्रय न हो सके।
जानकारी दें और 51000 रुपए पाएं
जिला कलक्टर ने बताया कि शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत राज्य सरकार द्वारा मुखबिर योजना चलाई गई है। इस योजना का उद्देश्य आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित कराना, मिलावट रोकने के लिए आमजन को प्रेरित करना तथा मिलावट करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करना है। योजना के तहत मिलावटी खाद्य पदार्थ बनाने या विक्रय करने वाले के सम्बन्ध में सूचना देने वाले व्यक्ति को 51 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। मुखबिर की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
दो भागों में मिलेगी राशि
उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. लेखराज मालव ने बताया कि इस योजना के तहत सूचना के आधार पर लिए गए सेम्पल के खाद्य लेब में अनसेफ पाए जाने पर मुखबिर को 25 हजार रुपए की राशि दी जाएगी तथा कोर्ट में चालान पेश होने पर शेष 26 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे । इसी प्रकार सेम्पल खाद्य लेब में अमानक पाया जाने पर मुखबिर को प्रोत्साहन राशि के रूप में 5 हजार रुपए तथा एडीएम कोर्ट में चालान पेश होने पर 5 हजार रुपए भी दिए जाएंगे।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सक्सेना ने यह बताया

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण सक्सेना ने बताया कि ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान के तहत 17 से 21 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों के सेम्पल लेने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्य पूर्व से निरंतर चला आ रहा है। इसके तहत बड़ी संख्या में सेम्पल लेकर जांच किए जाने के पश्चात् दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए जुर्माना लगाया गया एवं कानूनी कार्यवाही भी अमल में लाई गई है।
आज यह हुई कार्रवाई
आज इसी क्रम में दल ने खानपुर क्षेत्र का दौरा कर कई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत मावे के लड्डू, लाल मिर्च पाउडर व अजवाइन के सेम्पल लेकर जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भिजवाए जा रहे हैं। वहां से रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
