April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

शाहरुख खान के फैंस का बवाल, थिएटर लूटा, समोसे, पॉपकॉर्न, कोल्ड ड्रिंक तक ले भागे

शाहरुख खान के फैंस का बवाल, थिएटर लूटा, समोसे, पॉपकॉर्न, कोल्ड ड्रिंक तक ले भागे

एनसीआई@कोटा

शाहरुख खान के फेंस ने यहां के नटराज थिएटर में गुरुवार रात जमकर हंगामा किया, लूटपाट की। दरअसल थिएटर प्रबंधन ने सीट की संख्या से दोगुने से भी अधिक टिकट बेच दिए थे। इस पर सीट नहीं मिलने से नाराज युवकों ने यह कदम उठाया। आक्रोशित दर्शकों ने टिकट के पैसों की वसूली करने के लिए थिएटर के साथ केंटीन तक में लूटपाट तक कर डाली। जिसके जो हाथ लगा वही ले भागा। इस दौरान मारपीट से बचने के लिए स्टाफ भाग छूटा। बाद में थिएटर प्रबंधन की ओर से रिफंड देने के आश्वासन पर हंगामा शांत हुआ। पुलिस ने भी पहुंचकर समझाइश की। वहीं, जोधपुर में पठान फिल्म के विरोध में विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जयपुर में इस फिल्म की टिकट प्राइस ने रिकॉर्ड तोड़ दिया।

उल्लेखनीय है कि शाहरुख खान की विवादों में आई पठान फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने में आ रहा है। कोटा में भी जिन भी थिएटर्स में यह फिल्म दिखाई जा रही है, वहां के अधिकतर शो हाउसफुल चल रहे हैं। इसी क्रम में स्टेशन रोड स्थित नटराज सिनेमा में गुरुवार रात का जब आखिरी शो शुरू हुआ तो वह मुश्किल से 10 मिनट ही चल पाया कि भारी हंगामा हो गया। फिल्म देखने आए लोगों ने आरोप लगाया कि संचालकों ने जानबूझकर 700 सीटों की संख्या के मुकाबले में 1500 टिकट बेच दिए थे।

पुलिस अधिकारियों ने भी बताया कि हंगामे का मुख्य कारण हॉल में सीटें नहीं मिलना रहा। प्रबंधन ने सीटाें से अधिक संख्या में टिकट बेच दिए। इससे कि लोगों को बैठने की जगह नहीं मिल सकी। पहले तो कुछ देर लोग थिएटर के स्टाफ से बहसबाजी करते रहे, लेकिन इसके बाद उन्होंने पैसे वापसी की मांग को लेकर हंगामा कर दिया।

स्टाफ बोला हमें जानकारी नहीं

मूवी देखने पहुंचे लोगों ने बताया कि जब थिएटर में एंट्री की तभी बहुत भीड़ थी और स्टाफ बिल्कुल मदद नहीं कर रहा था। सीटें नहीं मिलने की शिकायत पर भी स्टाफ ने ध्यान नहीं दिया। इस पर भी जब पैसे वापस नहीं किए गए तो कुछ लोगों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। थिएटर की केंटीन से लोग समोसे, कोल्ड ड्रिक, पॉपकॉर्न तक लूट कर ले गए। स्टाफ ने बताया कि थिएटर में 700 लोगों को बैठने की क्षमता है, लेकिन कैसे 1500 टिकट बेचे गए इसकी जानकारी नहीं है। वे लोगों को समझा ही रहे थे कि हंगामा हो गया। यहां जमकर तोड़फोड़ की गई और लोग कई सामान भी लूट ले गए। केंटीन में रखे सभी सामान लूट कर भीड़ भाग गई।

पैसे वापसी पर अड़े लोग

सूचना मिलने पर रात करीब दस बजे पहुंची पुलिस ने सैकड़ों लोगों की भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग लगातार पैसे वापसी की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने थिएटर संचालकों से बात की और लोगों की डिमांड के बारे में बताया। रिफंड मिलने का तय होने के बाद ही लोग वहां से जाने को तैयार हुए। जिस थिएटर में यह हंगामा हुआ है वह कुछ दिन पहले ही दोबारा खुला है।

जयपुर में 1100 रुपए तक फिल्म का टिकट

जयपुर में पठान फिल्म के टिकट प्राइस के भी रिकॉर्ड टूट गए हैं। पहली बार किसी फिल्म के टिकट प्राइस 1100 रुपए तक पहुंच गए हैं। जयपुर के आइनॉक्स जीटी सेंट्रल में सबसे महंगा टिकट है। यहां प्राइस इतने ज्यादा होने के बावजूद पिछले तीन दिन से शो हाउसफुल चल रहे हैं।

फिल्म विशेषज्ञों के अनुसार जयपुर में फिल्म टिकट की प्राइस इतने ​हाइक पर पहले कभी नहीं पहुंची। इससे पहले 700 से 800 रुपए तक के टिकट बिके हैं। केजीएएफ-2 और ब्रह्मास्त्र फिल्मों के लिए भी टिकट प्राइस बढाए गए थे, लेकिन वे भी इतने नहीं थे।

फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर्स का मानना है कि लम्बे वीकेंड का फायदा भी पठान फिल्म को मिल रहा है। इस फिल्म को लेकर काफी एडवांस बुकिंग थी। सिनेमाघरों के सभी रिकॉर्ड्स को ब्रेक कर दिया है। जहां एक तरफ रिकॉर्ड ओपनिंग हुई है, वहीं वीकेंड्स तक एडवांस बुकिंग में उछाल देखने को मिला है। जयपुर में अधिकांश स्क्रीन पर सिर्फ पठान की स्क्रीनिंग हो रही है। दर्शकों के रेस्पॉन्स को देखते हुए अन्य फिल्मों की जगह पठान को ही स्क्रीन मिल रही है।

जोधपुर में हुआ था विरोध

जोधपुर में पठान फिल्म की स्क्रीनिंग बंद करने की मांग को लेकर गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने चौपासनी रोड स्थित एक सिनेमा हॉल के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने फिल्म की स्क्रीनिंग बंद करने की मांग की। उन्होंने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा पाठ किया। इस दौरान कुछ आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सिनेमा हॉल के अंदर लगा मूवी का पोस्टर भी फाड़ दिया। सूचना मिलने पर सरदारपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यकर्ताओं को वहां से हटाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.