मोदी दिल्ली से इस वक्त पहुंचेंगे मालासेरी डूंगरी, ऐसा रहेगा पूरे दिन का कार्यक्रम
एनसीआई@भीलवाड़ा
पीएम नरेन्द्र मोदी भगवान देवनारायण के 1111वें जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए शनिवार को मालासेरी डूंगरी पहुंचेंगे। पीएम के आगमन को लेकर लगभग 15 दिन से तैयारियां चल रही थीं, शुक्रवार को इन्हें अंजाम दे दिया गया।
तय कार्यक्रम के अनुसार मोदी शनिवार सुबह 9.20 बजे दिल्ली से रवाना होकर 10.30 बजे उदयपुर पहुचेंगे। गुर्जर समाज और भाजपा नेता पीएम मोदी की इस जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए जोर-शोर से जुटे हुए हैं।

ऐसे होगा पूरा कार्यक्रम
जानकारी के अनुसार 9.20 बजे पीएम दिल्ली से रवाना होंगे और 10.30 बजे उदयपुर पहुचेंगे। इसके बाद 10.35 बजे उदयपुर से हेलिकॉप्टर के जरिए मालासेरी के लिए रवाना होंगे। 11.25 बजे आसींद के मालासेरी पहुंचेंगे। यहां 11.30 से 12.45 बजे तक महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे मालासेरी से उदयपुर के लिए रवाना होंगे। 1:55 बजे उदयपुर से दिल्ली जाएंगे। प्रधानमंत्री 3.5 बजे दिल्ली पहुंचेंगे।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को प्रशासन ने पीएम के हेलिकॉप्टर से आने का पूर्वाभ्यास किया। इसके साथ ही मोदी के मालासेरी डूंगरी जाने और सभा स्थल तक के रूट की जांच की गई। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी मालासेरी डूंगरी के कार्यक्रम को 95 मिनट देने वाले हैं।
पुलिस ने किए पुख्ता इंतजाम
बताया जा रहा है कि भगवान देवनारायण के जन्मोत्सव में करीब ढाई लाख लोगों के आने की उम्मीद है। इसे लेकर पुलिस की ओर से कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस जाप्ते की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ कई जिलों की पुलिस लाइन से रिर्जव जाप्ते को बुलवाया गया है।
