April 19, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बहन की विदाई के बाद एक्सीडेंट में भाई की मौत

बहन की विदाई के बाद एक्सीडेंट में भाई की मौत

एनसीआई@अलवर

रात में शादी का माहौल था, भाई-बहन ने मिलकर डांस किया। सुबह बहन को विदाई देने के बाद मामा का बेटा घर लौट रहा था कि एक सड़क हादसे में जान चली गई। इधर, घर वालों को सूचना मिलते ही वे बेसुध हो गए। खुशी वाले घर में मातम छा गया। वहीं इस हादसे में दो लोग घायल भी हो गए। घटना शहर के अम्बेडकर सर्किल के पास मंगलवार सुबह 7 बजे की है।

कुछ घंटे पहले रात को ऐसा था हंसी खुशी का माहौल।
कुछ घंटे पहले रात को ऐसा था हंसी खुशी का माहौल।

जानकारी के अनुसार शहर के डीग रोड निवासी सीए स्टूडेंट विष्णु जांगिड़ (22) अपनी मामा की लड़की की शादी में जयपुर से आया था। हाउसिंग बोर्ड में सुगना बाई धर्मशाला में मामा धर्मचंद की बेटी दीप्ति की 6 फरवरी को शादी थी। बारात थानागाजी सेबाराम से आई थी। सुबह करीब 6 बजे के आसपास बहन को हंसी-खुशी विदा किया। इसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ बाइक से मामा के घर तूलेड़ा हाउसिंग बोर्ड आने के लिए निकला था।

विष्णु के साथ उसका दोस्त उमंग और भाई अमित भी था। तीनों एक ही बाइक पर थे। सुबह करीब 7 बजे जैसे ही अम्बेडकर सर्किल के पास पहुंचे एक कार ने टक्कर मार दी। कार से टक्कर लगते ही विष्णु बाइक से उछलकर डिवाइडर से टकराया। इस पर ई-रिक्शा में उसे अलवर हॉस्पिटल लेकर आए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।

बेटी की खुशियों वाले परिवार में मातम

इस हादसे से धर्मचंद के हंसी खुशी भरे घर में करीब एक घंटे के बाद ही मातम छा गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। वहां विष्णु की मौत होने की जानकारी मिलते ही परिजन विलाप करने लगे। मृतक विष्णु के पिता फर्नीचर का काम करते हैं।

दो दिन पहले ही जयपुर से आया था

मृतक के मामा ने बताया कि विष्णु के तीन भाई हैं। बाकी दो भाई भी पढ़ाई करते हैं। विष्णु के पिता का जयपुर में ही फर्नीचर का काम है। विष्णु दो दिन पहले ही शादी में शामिल होने जयपुर से आया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.