कार्रवाई की भनक लगते ही कैदियों ने टॉयलेट में बहा दिए थे, 6 मोबाइल व अन्य आपत्तिजनक चीजें बरामद
एनसीआई@उदयपुर
जिला पुलिस ने सेन्ट्रल जेल में अकस्मात छापामारी कर 6 मोबाइल फोन व कई अन्य आपत्तिजनक चीजें बरामद कीं। इससे पहले कार्रवाई की भनक लगते ही कैदियों ने अपने मोबाइल टॉयलेट में बहा दिए थे।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि केन्द्रीय कारागृह, उदयपुर के बैरक नम्बर 14 में निरुद्ध शातिर बदमाश दिलीप नाथ मोबाइल का उपयोग करता है। वह कई दिन से अपने साथियों से मोबाइल से बात कर आपराधिक गतिविधियों का संचालन कर रहा है।
इस सूचना पर एसपी विकास शर्मा के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (महिला अपराध एव अनुसंधान प्रकोष्ठ) मनजीत सिंह, थानाधिकारी भुपालपुरा हनवंत सिंह सोढ़ा, थानाधिकारी अम्बामाता रवीन्द्र चारण, थानाधिकारी नाई श्याम सिंह रत्नू व थानाधिकारी सुखेर संजय शर्मा की एक विशेष टीम का गठन कर सेन्ट्रल जेल की आकस्मिक तलाशी के लिए रवाना किया गया।
उप महानिरीक्षक (जेल) कैलाश त्रिवेदी के निर्देशन में विधिवत रूप से पुलिस टीम ने केन्द्रीय कारागृह उदयपुर में तलाशी प्रारम्भ की। जेल में प्रवेश करने के बाद बैरक नम्बर 14 की तलाशी ली गई। इसमें बैरक के रोशनदान की सलाखों के नीचे की तरफ 02 पेन ड्राइव, तीन लाइटर, काले रंग का एक ईयरफोन, काले रंग का एक चार्जर, मोबाइल नम्बर लिखी कुल 12 पर्चियां मिलीं।
इस तलाशी में यह भी सामने आया कि बैरक नम्बर 14 के कुछ कैदियों ने जांच से बचने के लिए कुछ मोबाइल बैरक में बने टॉयलेट में बहा दिए। इस पर टॉयलेट के अन्दर से बाहर की तरफ निकल रहे पाइप को तोडकर उसकी तलाशी ली गई तो 6 मोबाइल मिले। टीम ने इन्हें जब्त कर थाना सूरजपोल पर प्रकरण दर्ज करवाया। इस मामले में आगे जांच जारी है।
