रास्ते के विवाद पर कुल्हाड़ी और पत्थरों से हमला, एक दर्जन ग्रामीण घायल, जांच में जुटी पुलिस
एनसीआई@बूंदी
जिले के हिंडोली थाना क्षेत्र में रास्ते के विवाद को लेकर 2 पक्षों के बीच जारी विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। इस मामले में हुए झगड़े में 10 से ज्यादा ग्रामीण घायल हो गए, इनमें महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों को बूंदी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां इनका मेडिकल मुआयना हुआ। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
एएसआई गिरधर सिंह ने बताया कि त्रिशूलिया निवासी बंशीलाल कुमावत और छीतर लाल कुमावत के बीच रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। इसी के चलते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए और एक-दूसरे पर लकड़ियों, कुल्हाड़ियों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस झगड़े में दोनों पक्षों के 10 से ज्यादा महिला-पुरुष घायल हो गए।
घायलों में एक पक्ष के बंशीलाल, लेखराज, नरेन्द्र, दीनदयाल व लक्ष्मीबाई तथा दूसरे पक्ष के छीतरलाल, महावीर, कन्हैयालाल, लक्ष्मी नारायण, पूजा बाई व कौशल्या शामिल हैं। इन्हें हिंडोली अस्पताल ले जाया गया। मगर वहां डॉक्टर्स की कमी होने से उनका मेडिकल मुआयना नहीं हो सका। इस पर इन्हें बूंदी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
