April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

40 लाख रुपए में बिका REET मेन्स का फर्जी पेपर, जोधपुर में 5 गिरफ्तार, 19 लड़के, 10 लड़कियां भी हिरासत में

40 लाख रुपए में बिका REET मेन्स का फर्जी पेपर,  जोधपुर में 5 गिरफ्तार, 19 लड़के, 10 लड़कियां भी हिरासत में

एनसीआई@जयपुर/जोधपुर

राज्य में पेपर लीक का जिन्न एक बार फिर बाहर आ गया है। रीट की मुख्य परीक्षा के पहले दिन ही जोधपुर में एक गिरोह को दबोचा गया है। पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए इन 5 लोगों ने प्रवीण नामक स्टूडेंट से 40 लाख रुपए में पेपर का सौदा किया था। वह सुबह की पारी में एग्जाम देकर चला गया।

आरोपियों ने 10-10 लाख रुपए में अभ्यर्थियों से डील की। यह गिरोह बनाड़ रोड पर मैरिज गार्डन में परीक्षा शुरू होने से पहले ही पेपर हल करवा रहा था। इनमें 19 लड़के और 10 लड़कियां शामिल थे। सभी को हिरासत में ले लिया गया है। इनसे मिले प्रश्न पत्रों की जांच की गई तो ये एग्जाम के पेपर से नहीं मिले। पुलिस भी इसे फर्जी पेपर बता रही है। पुलिस ने सुरेश जाट, मुकेश जोशी निवासी सांचौर, जालोर और रामेश्वर सहित 5 को गिरफ्तार किया। इसके बाद प्रदेश के सात जिलों में आनन-फानन में इंटरनेट बंद कर दिया गया।

Related News:-
राजस्‍थान शिक्षक भर्ती में भारी गड़बड़ी‌ की आशंका, परीक्षा शुरू होने से पहले प्रश्न पत्र हल करते पकड़े गए सॉल्‍वर, मगर पुलिस ने यह कहा

जोधपुर के घटनाक्रम पर कर्मचारी बोर्ड के चेयरमैन ने कहा है कि अभी पेपर लीक जैसी कोई बात नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।

इधर, जयपुर में डमी केंडिडेट पकड़े जाने की भी सूचना है। बताया जा रहा कि एसओजी की टीम ने इन्हें अलग-अलग सेंटर्स से पकड़ा है। इसी तरह से भरतपुर के श्रीमति कमलेश आईटीआई कॉलेज में रीट लेवल वन की परीक्षा देते हुए एक डमी केंडिडेट पकड़ा गया। यह डमी केंडिडेट अपने जीजा राहुल की जगह पेपर दे रहा था। सेवर थाना अधिकारी अरुण चौधरी ने बताया कि राजाखेड़ा के रहने वाले आरोपी धीरज को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मैरिज होम में 3 कमरे बुक किए

जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने मैरिज होम में 3 कमरे बुक किए थे। यहां पकड़े गए सभी आरोपियों को पेपर सॉल्व करवाया जा रहा था। डीसीपी अमृता दुहन ने बताया कि शुक्रवार की रात डेढ़ बजे गिरोह ने बनाड़ रोड स्थित उदयगढ़ मैरिज होम में बुक किए थे।मैरिज होम में पहले से शादी समारोह चल रहा था। इसलिए पुलिस ने सूचना मिलने पर सुबह 4.30 बजे सिविल ड्रेस में दबिश दी। पुलिस ने लेपटॉप, प्रिंटर और मोबाइल जब्त किए हैं। पुलिस दरवाजे तोड़कर अंदर घुसी।

Related News:-
REET Exam 2023 में जीजा की जगह पेपर दे रहा था साला, चढ़ा पुलिस के हत्थे

इसमें 29 लोगों के पास से वाइट पेपर, शीट, पेन आदि मिले हैं। आरोप है कि इन्हीं में कुछ अभ्यर्थियों को पुलिस ने सुबह 10 बजे अलग-अलग सेंटर पर एंट्री भी दिलवाई। पुलिस ने तर्क दिया कि जांच के कारण अभ्यर्थी लेट हो गए थे, इसलिए उन्हें प्रवेश दिलवाया।

वहीं, जयपुर में 2 डमी केंडिडेट पकड़े गए हैं। जयपुर के दो परीक्षा केन्द्रों पर किसी और की जगह लेवल-1 का एग्जाम देने आए दो युवकों को हिरासत में लिया गया है।

अजमेर रोड के हीरापुरा में कमला देवी बुधिया स्कूल में एक डमी केंडिडेट को पकड़ा है, जो झुंझुनूं का रहने वाला बताया जा रहा है। वहीं, दूसरा डमी केंडिडेट आमेर के सेंटर पर पकड़ा गया है।

अचानक नेटबंदी से हड़कम्प

वहीं, भरतपुर के बाद अब अचानक जयपुर सहित छह और जिलों में नेटबंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। आज शाम छह बजे तक और कल सुबह छह से शाम छह बजे तक जिन जिलों में नेटबंदी रहेगी, उनमें जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक और अलवर शामिल हैं। आज सुबह 11 से शाम 6 बजे तक नेट बंद रहा।

इस बीच लेवल वन की पहली पारी की परीक्षा दोपहर 12 बजे खत्म हो गई है। दोपहर 2.30 बजे से लेवल-2 की साइंस-मैथ्स की परीक्षा शुरू हुई, जिसके लिए 1.30 बजे तक अभ्यर्थियों को एंट्री दी गई। दरअसल, राजस्थान में पहली बार 48,000 पदों पर होने जा रही REET-मेंस यानी शिक्षक भर्ती परीक्षा आज से शुरू हुई है। पांच दिन चलने वाले एग्जाम में जयपुर के अलावा प्रदेश के 11 जिलों में सेंटर्स बनाए गए हैं।

नकली आंसर की बेचने की कोशिश

बीकानेर में पेपर ठगी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें एक राजाराम बीकानेर के मुरलीधर व्यास कॉलोनी में कोचिंग सेंटर चलाता है, जबकि दूसरा सीताराम श्रीडूंगरगढ़ (बीकानेर) के सांवतसर गांव का रहने वाला है। इन दोनों से पुलिस ने एक लाख रुपए और तीन चैक बरामद किए हैं। पुलिस का आरोप है कि ये हवलदार और सीआरपीएफ एसआई भर्ती परीक्षा की नकली आंसर की बेचने की कोशिश में थे। रीट एग्जाम में गड़बड़ी को लेकर ये आरोपी पुलिस के निशाने पर थे। जब इन्हें पकड़ा गया तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।

बोर्ड द्वारा निर्धारित ड्रेस कोड में मिलेगी एंट्री

कर्मचारी चयन आयोग द्वारा शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए ड्रेस कोड तय किया गया है। ऐसे में जो भी अभ्यर्थी ड्रेस कोड की पालना नहीं करेगा, उसे परीक्षा केंद्र में एंट्री नहीं दी जाएगी। बोर्ड द्वारा जारी ड्रेस कोड के अनुसार अभ्यर्थी कोट, टाई, मफलर, जैकेट, जरकिन, ब्लेजर, शॉल आदि पहनकर न आएं। इसके साथ ही उनकी शर्ट, बिना जेब वाली, गर्म जर्सी स्वेटर, जिसमें बड़े बटन न लगे हों, पहनकर ही परीक्षा दे सकते है।

देर से पहुंचे केंडिडेट्स को सेंटर्स में बिल्कुल प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है जो नियम तय किए गए हैं, उनकी कड़ाई से पालना हो रही है। जयपुर के एक सेंटर पर लेट आई एक केंडिडेट गुहार लगाती रही, लेकिन प्रवेश नहीं मिला।

महिला अभ्यर्थियों को पूरी आस्तीन का कुर्ता, शर्ट, ब्लाउज, आदि पहनकर एवं अपनी वेशभूषा में बड़ा बटन, किसी प्रकार के ब्रोच (जड़ाऊ पिन) या बैज या फूल लगाकर आने की इजाजत नहीं है।

वहीं, परीक्षार्थियों को लाख-कांच की पतली चूड़ियों के अलावा किसी भी प्रकार के जेवरात या दूसरे जेवर जैसे की चूड़ियां, कान की बाली, अंगूठी, ब्रासलेट आदि पहनकर जाने पर प्रवेश नहीं मिला। हालांकि अपने बालों में रबर बैंड या सिम्पल हेयरपिन लगाकर आ सकती हैं।

इसके साथ ही परीक्षा केन्द्र पर अभ्यर्थियों को घड़ी, जूते, सेंडल, मोजे, धूप का चश्मा, बेल्ट, हेंडबैग, हेयर पिन, गंडा, ताबीज, केप, हेट, स्कार्फ, स्टॉल, शॉल, मफलर, पहनकर एंट्री नहीं दी जाएगी।

हालांकि सिख अभ्यर्थियों को कड़ा, कृपाण और पगड़ी जैसे धार्मिक प्रतीकों को धारण कर परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी गई है, लेकिन इन अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर डेढ़ घंटे पहले पहुंचना होगा।

अपने साथ नीले रंग का पारदर्शी बॉल पेन के अलावा किसी प्रकार का पेन, पानी की बोतल, पर्स, बैग, ज्योमेट्री, पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, केलकुलेटर, तख्ती, पेड, गत्ता, पेन ड्राइव, रबर लॉग टेबल, स्केनर, किताबें, नोटबुक, पर्चियां, व्हाइटनर, किसी प्रकार का संचार उपकरण, स्लाइड रूल, किसी प्रकार का हथियार, लेकर अभ्यर्थी परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं कर पाएंगे।

7 दिन राजस्थान रोडवेज में फ्री सफर

राजस्थान में 48 हजार पदों पर होने जा रही शिक्षक भर्ती परीक्षा में 8 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। ऐसे में अभ्यर्थियों के आने-जाने के लिए राजस्थान सरकार ने रोडवेज बसों में फ्री सफर की राहत दी है।

इसके तहत राजस्थान सीमा में 24 फरवरी से 2 मार्च तक अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड दिखाकर प्रदेश में कहीं भी फ्री में सफर कर सकेंगे। हालांकि यह सुविधा सिर्फ राजस्थान रोडवेज कि ब्लू लाइन बसों में ही मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.