दो बहनों सहित 3 युवतियों ने करवाया बिजनेसमैन का किडनेप, एक करोड़ लेने की थी प्लानिंग
एनसीआई@जयपुर
यहां के एक बिजनेसमैन का किडनेप कर फिरौती मांगने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। दो बहनों सहित तीन युवतियों ने उसका किडनेप कर एक करोड़ रुपए लेने की प्लानिंग बनाई थी। शक से बचने के लिए एक आरोपी युवती ने अपनी छोटी बहन का भी कारोबारी के साथ अपहरण करवाया। यह मामला मुहाना थाना इलाके का है। पुलिस ने तीनों युवतियाें सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Breaking News –
पुष्कर: 1.25 लाख दीयों से जगमगाए पुष्कर के 52 घाट, रेतीले धोरों में कल होगी होली, डीजे की धुन पर
डीसीपी (साउथ) योगेश गोयल ने बताया कि बिजनेसमैन विकास महेन्डा (26) का किडनेप कर फिरौती मांगने के मामले में आरोपी गुड़िया उर्फ गुड्डू उर्फ किट्टू (20) पुत्री भूपेन्द्र सिंह, उसकी बहन अंजना उर्फ आरोही (24) निवासी नदबई भरतपुर और किरण चौधरी (22) पुत्री रामकिशोर चौधरी निवासी सावरदा दूदू को गिरफ्तार किया। तीनों लड़कियां दादूदयाल नगर मुहाना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं।
बिजनेसमैन को बना रखा था धर्म भाई
अंजना ने बिजनेसमैन विकास को धर्म भाई बना रखा था। विकास पालड़ी मीणा खोह नागोरियान का रहने वाला है। उसका ट्रांसपोर्ट का बिजनेस है। 25 फरवरी की शाम अंजना ने कॉल कर उसे मिलने बुलाया था। इस दौरान उसकी एक सहेली भी साथ थी। घर पर खाना खाने के बाद वह बहन से मिलने मानसरोवर स्थित होटल हयात रेजिडेंसी के सामने पहुंचा। मुख्य रोड पर चाय की दुकान पर गए।
इसके बाद होटल के पास घर पर छोड़ने गया। रात करीब साढ़े दस बजे लौट कर जैसे ही गाड़ी के पास आया, इतनी देर में 4-5 लोग आए। धक्का देकर कनपटी पर गन लगाकर गाड़ी में पटक दिया। उसके साथ मौजूद अंजना की छोटी बहन गुड़िया का भी किडनेप कर लिया। आंखों पर पट्टी और मुंह पर कपड़ा बांध दिया। रातभर उसकी गर्दन पर गन लगाकर जान से मारने की धमकी देते रहे। चलती गाड़ी में मारपीट की। कहा- तेरे बजरी के डम्पर चलते हैं। तेरी 15 दिन से रेकी कर रहे थे।
एक करोड़ की फिरौती मांगकर पीटा
26 फरवरी की सुबह गाड़ी में किडनेपर्स ने एक करोड़ की फिरौती मांगनी शुरू कर दी। पानी पीने के बहाने विकास ने आंखों की पट्टी खुलवाई। तब उसे साइन बोर्ड पर थानागाजी लिखा दिखा। कोटपूतली की ओर पुलिया के नीचे नारियल पानी लिया। उसे पिलाया गया। शाहपुरा से विराट नगर अलवर पहाड़ों पर ले गए। पहाड़ों पर ले जाकर फिरौती के लिए पिटाई की गई। परिवार को किडनेप करने की धमकी दी गई।
बोले- अब सीधे गोली मारेंगे
धमकाया- एफआईआर दर्ज कराई तो वापस 15 दिन के अंदर दोबारा किडनेप कर लेंगे। बोले- अब सीधे गोली मारेंगे। गाड़ी में रखे 2.38 लाख रुपए निकाल लिए। एटीएम से बैंक अकाउंट का पैसा निकाल लिया। सोने की चेन और अंगूठी, जेब में रखे 91 हजार रुपए और डॉक्यूमेंट भी लूट लिए। मोबाइल को तोड़ दिया। 3 लाख रुपए में सौदा होने पर तीसरे आदमी से मानसरोवर में दिलवाने के बाद शाम करीब 4 बजे शाहपुरा के जंगलों में छोड़ा गया। इसके बाद रात करीब 11 बजे वह घर पहुंचा। 2 मार्च को किडनेपिंग में शामिल चार आरोपियों को पकड़ा था। इनमें से दो नाबालिग थे।
बहरोड़ में छोड़ी बिजनेसमैन की गाड़ी
27 फरवरी को मुहाना थाने पहुंचकर पीड़ित बिजनेसमैन ने मामला दर्ज करवाया। शिकायत में यह भी बताया कि उसके साथ जिस लड़की का किडनेप किया गया, उसे किडनेपर्स ने अभी तक नहीं छोड़ा है। किडनेप लड़की का मोबाइल उसकी धर्म बहन के पास है। करीब 4 महीने से ही वह उसे जानता था। बहरोड़ इलाके में किडनेपर्स उसकी गाड़ी को छोड़ गए। लावारिस हालत में मिली गाड़ी को बहरोड़ पुलिस ने थाने में खड़ा कर उसको कॉल किया।
किडनेपिंग की युवतियों ने रची साजिश
पुलिस ने कार्रवाई कर किडनेपिंग के मामले में गौरव गुर्जर (23) पुत्र उमराव गुर्जर निवासी सालूरावत की ढाणी कोटपूतली और जीतराम बैरवा (19) पुत्र बाबूलाल बैरवा निवासी कैलाशपुरी मुहाना को 2 मार्च को अरेस्ट कर लिया था। इनके दो नााबलिग साथियों को भी पकड़ा था। चारों आरोपियों को मोबाइल लोकेशन के आधार पर दबिश देकर मुहाना से पकड़ा गया था। इनके कब्जे से किडनेप युवती गुड़िया को भी छुड़वाया गया था।
पूछताछ में सामने आया कि धर्म बहन आरोही सहित तीनों युवतियों ने पैसों के लालच में बिजनेसमैन के किडनेपिंग की प्लानिंग की थी। प्लान के तहत उसकी ही क्रेटा गाड़ी में विकास का किडनेप किया गया। शक नहीं हो इससे बचने के लिए साथ ही गुडिया को भी किडनेप करने का दिखावा किया। पुलिस ने तीनों युवतियों को 6 मार्च की दोपहर गिरफ्तार किया।
