April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

पुष्कर: 1.25 लाख दीयों से जगमगाए पुष्कर के 52 घाट, रेतीले धोरों में कल होगी होली, डीजे की धुन पर

पुष्कर: 1.25 लाख दीयों से जगमगाए पुष्कर के 52 घाट, रेतीले धोरों में कल होगी होली, डीजे की धुन पर

एनसीआई@अजमेर

पुष्कर में अंतरराष्ट्रीय होली महोत्सव के तीसरे दिन सोमवार को 52 घाटों को सवा लाख दीपों से सजाया गया। इससे पहले शाम 4 से 6.30 बजे तक ब्रह्म चौक, होली का चौक और ब्रह्म वाटिका पर चंग, डफ, कच्छी घोड़ी और गैर नृत्य का आयोजन हुआ। प्रसिद्ध नाथूलाल सोलंकी सरोवर के जयपुर घाट पर शाम को नगाड़ा वादन हुआ।

इस दौरान हेलिकॉप्टर जॉय राइड की शुरुआत भी की गई। इस मौके पर ब्रह्म घाट सतरंगी रोशनी में नहाया हुआ है। विभिन्न प्रकार के फूलों से घाटों को सजाया गया है। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी, स्कूल टीचर, सिविल डिफेंस सहित अन्य कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने घाटों पर दीपक जलाए। इससे पूरा पुष्कर जगमगा उठा। ब्रह्म घाट पर महाआरती के साथ ही आतिशबाजी भी हुई। प्रसिद्ध गायक पद्मश्री हरिहरन का म्यूजिक कॉन्सर्ट मेला मैदान में देर शाम 7.30 बजे हुआ।

हेलिकॉप्टर से देख सकेंगे पुष्कर का नजारा

होली महोत्सव को नई पहचान देने के लिए अगले 2 दिन के लिए हेलिकॉप्टर राइड शुरू की गई है। इस 5 मिनट की राइड के दौरान पुष्कर होली महोत्सव और कस्बे के विभिन्न इलाकों को हेलिकॉप्टर के माध्यम से दिखाया जाएगा। इसके लिए प्रति व्यक्ति यात्री के लिए 6 हजार रुपए का शुल्क रखा गया है। कम्पनी के जनरल मैनेजर अंकित जांगिड़ ने बताया- इस जॉय राइड का शुभारम्भ आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेन्द्र राठौड़ और जिला कलक्टर अंशदीप ने किया। उन्होंने पहली राइड का आनंद उठाया।

आरटीडीसी चेयरमैन, कलक्टर, एसपी ने बजाया ढोल

जयपुर घाट पर नगाड़ा वादन का आयोजन किया गया। मशहूर कलाकार नाथू लाल सोलंकी की टीम ने शंख बजाकर इसकी शुरुआत की। इसे देखते हुए घाट पर बड़ी संख्या में देसी-विदेशी टूरिस्ट की भीड़ जमा रही। माहौल बनता देख आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेन्द्र राठौड़, जिला कलक्टर अंशदीप, एसपी चूनाराम जाट व पुष्कर एसडीएम ने मिलकर ढोल बजाया।

डीजे पार्टी का विवाद सुलझा, होली खेली जाएगी

पुष्कर में परम्परागत होली मंगलवार को मेला स्टेडियम से सटे रेतीले धोरों में होगी। इसमें डीजे डांस पार्टी भी शामिल होगी। डीजे की धुन पर देसी-विदेशी पर्यटक झूमेंगे। पहले यह कार्यक्रम वराह घाट व ब्रह्म चौक में होता था। पुलिस व प्रशासन की ओर से वराह घाट चौक व ब्रह्म चौक में डीजे पार्टी की अनुमति देने से इनकार कर दिया गया था। इसके बाद पालिकाध्यक्ष कमल पाठक की पहल पर मेला ग्राउंड में पार्टी के आयोजन की अनुमति दी गई है।

आतिशबाजी और बॉलीवुड स्टार देंगे प्रस्तुति

धुलंडी के दिन 7 मार्च को शाम साढ़े छह बजे गऊ घाट पर महा आरती होगी। इसके बाद मेला मैदान पर सायं 7 बजे आतिशबाजी होगी। बॉलीवुड गायक अमित त्रिवेदी इस दिन मेला मैदान में अपनी प्रस्तुति देंगे।

इससे पहले रविवार को ऊंट पर एसपी चूनाराम जाट और आईजी रूपेन्द्र सिंह ने डांस किया था। शाम करीब चार बजे मेला ग्राउंड में केमल शो की शुरुआत हुई। देर शाम तक ऊंट से सम्बन्धित तमाम प्रतियोगिताएं कराई गईं थीं। इसका टूरिस्ट ने खूब आनंद उठाया था यह। शाम करीब 4.30 बजे ऊंटों को सजाने की प्रतियोगिता हुई। इसमें 10 ऊंटों ने भाग लिया था। ऊंटों के आगे शहनाई, नगाड़े लगे हुए थे। साथ ही कच्ची घोड़ी, कालबेलिया नृत्य और ढोल पार्टी जैसे कार्यक्रम भी हुए थे।

पुष्कर में 4 दिवसीय अन्तररा‍ष्ट्रीय होली महोत्सव की शनिवार शाम पुष्कर सरोवर के ब्रह्मघाट पर महाआरती से शुरुआत हुई थी। राजस्थान पर्यटन विकास निगम (आरटीडीसी) के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने महाआरती की। इसके बाद ब्रह्मा मंदिर स्थित ब्रह्म वाटिका एम्फी थियेटर में भजन संध्या हुई। इसमें प्रतिष्ठित शास्त्रीय गायिका विद्या शाह ने प्रस्तुति दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.