April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बूंदी का 782 वां स्थापना दिवस: शहनाई वादन, श्री गणेश पूजन से शुभारम्भ कर पर्यावरण को भी सहेजा तो मातृभूमि के बारे में जानकारी की परख भी की

बूंदी का 782 वां स्थापना दिवस: शहनाई वादन, श्री गणेश पूजन से शुभारम्भ कर पर्यावरण को भी सहेजा तो मातृभूमि के बारे में जानकारी की परख भी की

एनसीआई@बूंदी

782 वें बूंदी स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इन कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः नागर सागर कुंड पर शहनाई वादन के साथ हुई। ऐतिहासिक चौगान दरवाजे के पास स्थित नागर सागर कुंड पर भारतीय सांस्कृतिक निधि की ओर से शहनाई की समधुर धुनों के साथ ही कार्यक्रमों का सिलसिला आगे बढ़ा।

कार्यक्रमों की इस शृंखला में आगे गढ़ पैलेस स्थित गणेश जी की वैदिक मंत्रोच्चार व पंचामृत से स्नान कराकर आरती की गई। यह आरती अतिरिक्त जिला कलक्टर मुकेश चौधरी व पूर्व राजपरिवार के सदस्य वंशवर्धन सिंह ने पंडित विश्वनाथ के सानिध्य में की। इस दौरान बूंदी जिले के जन जन व जिलेभर की खुशहाली की प्रार्थना भी की गई। इस मौके पर सहायक पर्यटन अधिकारी प्रेमशंकर सैनी, पूर्व राजपरिवार के सदस्य बलभद्र सिंह‌ के अलावा एडवोकेट राजकुमार दाधीच, पुरुषोत्तम पारीक, राजेन्द्र भारद्वाज, निरंजन जिंदल, नारायण मंडोवरा, अशोक शर्मा आदि गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

बेटी गौरव उद्यान में किया पौधरोपण

बूंदी स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ‘हरित बूंदी महाभियान’ के तहत सर्किट हाउस स्थित बेटी गौरव उद्यान में जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला कलक्टर गोस्वामी ने कहा कि बूंदी के स्थापना दिवस पर पौधरोपण कर महाभियान की शुरुआत की है और पर्यावरण संरक्षण के लिए इस साल पर्यावरण व स्वछता के कार्य किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस मोहित, उपवन संरक्षक तरुण मेहरा, सहायक वन संरक्षक संजय शर्मा, रेडक्रॉस सचिव अशोक विजय, बिट्ठल सनाढ्य, पृथ्वीसिंह राजावत आदि ने भी पौधे रौपे।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

स्थापना दिवस के अवसर पर महारानी कन्या स्कूल में बूंदी के इतिहास पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी तेज कंवर, प्रधानाचार्य कनक शर्मा व सहायक पर्यटन अधिकारी प्रेमशंकर ने दीप प्रज्वलन कर प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया। इंटेक संयोजक राजकुमार दाधीच ने छात्र-छात्राओं से बूंदी के इतिहास से सम्बन्धित प्रश्न पूछे। प्रश्नोत्तरी के विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कार दिए। संचालन भूपेन्द्र शर्मा ने किया। इससे पूर्व नवल सागर व सीनियर हायर सेकंडरी स्कूल में लोगों को पर्यावरण जागरूकता के लिए निःशुल्क पौधे वितरित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.