बदमाशों ने धमकाया-हाथ में डाइनामाइट है, फोन किया तो फट जाएगा, फिर 5 मिनट में बैंक से लूट लिए साढ़े तीन लाख रुपए
एनसीआई@अजमेर
जिले के किशनगढ़ स्थित इंडियन बैंक में पिस्तौल लेकर घुसे दो बदमाश महज 5 मिनट में 3 लाख 76 हजार रुपए की लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पिस्टल लेकर बैंक में घुसे बदमाशों ने पहले कर्मचारियों को धमकाया कि- हाथ में डाइनामाइट है, फोन किया तो फट जाएगा। रुपए लूटने के बाद बदमाश फरार हो गए।
किशनगढ़ शहर के खोड़ा गणेश मार्ग स्थित इंडियन बैंक में शनिवार दोपहर करीब सवा तीन बजे ये दो नकाबपोश बदमाश घुसे।

मैनेजर के सिर पर तानी पिस्टल
बैंक मैनेजर कुलदीप सिंह ने बताया कि हम हमारा रुटीन वर्क कर रहे थे। करीब सवा तीन बजे दो लोग आए। एक मेरे पास आया और मेरी कॉलर पकड़ी तो मैंने उसे धक्का मारा। इसके बाद बदमाश ने संभलते हुए पिस्टल मेरे सिर पर तान दी। कहा-गोली मार देंगे, इसलिए 40 लाख चाहिए।

मैंने कहा कि गोली मारने की जरूरत नहीं है। वह मुझे बाहर लेकर गया और बार-बार लॉकर खोलने के लिए कहने लगा। हमने लॉकर के लिए मनाही की तो नकाबपोश बदमाश कैशियर के पास गया और उसे धमकाने लगा।
इंडियन बैंक अजमेर रोड स्थित अग्रसेन सर्किल से महज आधा किलोमीटर की दूर स्थित है।
कैशियर के पास से थैले में भरे पैसे
बैंक के असिस्टेंट मैनेजर पवन मित्तल ने बताया कि हेलमेट पहने हुए बदमाश के एक हाथ में गन थी और दूसरे में वह डाइनामाइट बता रहा था। इसे उसने दीवार पर चिपका दिया और कहा कि कोई भी फोन नहीं निकालेगा ना ही हिलेगा, नहीं तो डाइनामाइट फट जाएगा। इसकी रेंज 1 किलोमीटर तक है।

मित्तल ने बताया कि एक बदमाश कैशियर के पास गया और धमकाया कि जितने रुपए टेबल में हैं, वह थैले में डाल दो। बैंक में उस समय तीन कर्मचारी और दो ग्राहक थे। दूसरा नकाबपोश साथी अंदर से मैनेजर को कॉलर पकड़कर लाया और पांचों को एक जगह इकट्ठा कर कैश काउंटर की तलाशी ली।
वहां जो कुछ भी बची हुई राशि थी, तो वह भी उसने थैले में भर ली। इसके बाद बदमाश पांचों को बैंक के रूम में बंद कर भाग गए। मित्तल ने आगे बताया- मेरी जेब में फोन था। मैंने चाय वाले को फोन किया। वह आया गेट खोला, तब हम बाहर निकले और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस ने कराई नाकाबंदी
मदनगंज थाना प्रभारी घनश्याम सिंह ने बताया कि दोपहर 3 बजकर 22 मिनट के आसपास सूचना मिली थी कि खोड़ा गणेश मार्ग स्थित इंडियन बैंक में लूट की वारदात हुई है। इस पर आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी करवा कर स्पेशल पुलिस को सूचना दी गई। साथ ही सीसीटीवी खंगाले गए। सीसीटीवी में दो नकाबपोश नजर आ रहे हैं और दोनों के हाथों में गन थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि जिस बैंक शाखा में यह वारदात हुई वह अजमेर रोड स्थित अग्रसेन सर्किल से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर है। इस मार्ग पर आमतौर पर वाहनों की आवाजाही कम रहती है। इसलिए बदमाशों ने सम्भवतया वारदात के लिए इसी बैंक शाखा को चुना।

दोनों नकाबपोश करीब 3.15 बजे बैंक में घुसे थे। 3.16 बजे नकाब पहना बदमाश सीधे बैंक मैनेजर कुलदीप सिंह के कक्ष में घुस गया और दूसरा हेलमेट पहना बदमाश बैंक के बीच खड़ा हो गया। करीब 3.17 बजे नकाब पहना बदमाश बैंक मैनेजर को लेकर बाहर आया और अगले ही मिनट कैशियर के काउंटर पर रखे रुपए लेकर 3.19 बजे बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को कमरे में बंद कर दिया गया।
लगभग 3.20 बजे दोनों बदमाश बाहर निकले और अगले ही मिनट बाइक पर फरार होने में कामयाब हो गए।
पुलिस ने कराई नाकाबंदी
किशनगढ़ सिटी डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि बैंक में दिनदहाड़े लूट की वारदात के बाद साइबर सेल को भी सक्रिय किया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाकर उन्हें आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के काम पर लगाया गया है। दोनों नकाबपोश बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी करवाई गई है।
