छेड़छाड़ से परेशान दो नाबालिग बहनों ने की आत्महत्या, पिता का आरोप-स्कूल में पढ़ने वाले लड़कों ने किया था अपहरण
एनसीआई@प्रतापगढ़
राजस्थान के मुख्यमंत्री चुनाव के मुद्देनजर जातिगत जनगणना करवाने की योजना में व्यस्त हैं, ताकि हिन्दू समाज में और बंटवारा होकर, कांग्रेस को फायदा मिल सके। इसी उद्देश्य से धड़ाधड़ नए जिलों की घोषणा भी की जा रही है। मगर उनका ध्यान राज्य में बढ़ते जा रहे अपराधों पर नहीं है। इनका आंकड़ा लगातार तेजी से बढ़ता जा रहा है। कानून व्यवस्था बदहाल है।
इसी क्रम में जिले के घंटाली थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह छेड़छाड़ से परेशान दो नाबालिग ममेरी बहनों ने आत्महत्या कर ली। इनमें से एक लड़की के पिता का आरोप है कि बच्चियों को उनके स्कूल में पढ़ने वाले लड़के ही परेशान करते थे। वे उनका अपहरण कर के भी ले गए थे। दोनों बहनें जिले के पीपलखूंट थाना क्षेत्र के सरकारी स्कूल में 12वीं क्लास में पढ़ती थीं।

थानाधिकारी सोहनलाल ने बताया कि दोनों बहनें (14 और 16 साल) अपने घर से 15 किलोमीटर दूर पीपलखूंट थाना क्षेत्र में रहती थीं। यहां इन्होंने पांच महीने पहले ही कमरा किराया पर लिया था। स्कूल में पढ़ने वाले चार लड़के जुलाई महीने से उनसे छेड़छाड़ करने लगे थे। वे रास्ते में आते-जाते इन दोनों बहनों को परेशान करते थे।
अपहरण कर ले गए थे
16 साल की नाबालिग के पिता ने बताया कि 5 अक्टूबर, गुरुवार को उनकी भांजी और बेटी स्कूल से लौट रही थी। इस दौरान कुछ युवकों ने उनका अपहरण कर लिया और प्रतापगढ़ शहर के नाकोड़ा नामक स्थान पर ले गए। यहां खाली प्लॉट में इन्हें छोड़ दिया। आसपास के लोगों ने दोनों को बेसुध हालात में देखा तो उन्हें पानी पिलाया। बच्चियों से घर-परिवार की जानकारी लेने के बाद लोगों ने हमें कॉल किया। हम वहां पहुंचे तो दोनों बेटियां डरी हुईं थीं। 6 अक्टूबर शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे थाने पहुंचे और मामला दर्ज करवाया। इसके बाद हम लोग दोनों बेटियों को अपने साथ गांव ले आए थे।

पिता ने आगे बताया कि इसके बाद शनिवार सुबह दोनों ने जहर खा लिया था। सुबह 7 बजे उठे तो दोनों घर के पास ही बेसुध मिलीं। उन्हें संभाला तो उल्टियां करने लगीं। इन्हें 8 बजे करीब घंटाली अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से दोनों को प्रतापगढ़ रेफर कर दिया। प्रतापगढ़ के जिला सरकारी हॉस्पिटल में 14 साल की नाबालिग की मौत हो गई। 16 साल की नाबालिग की हालत गम्भीर होने पर उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया। प्रतापगढ़ से रवाना होने के 15 मिनट बाद ही रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया।
चार सहपाठियों को हिरासत में लिया
थानाधिकारी सोहनलाल ने बताया कि इस मामले में चार लड़कों को डिटेन किया है। इनमें एक बालिग और बाकी तीन नाबालिग हैं। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
