April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी का शव उनके पैतृक गांव रवाना, दोपहर 2 बजे होगा अंतिम संस्कार, देर रात मांगों पर सहमति बनने के बाद हुआ था पोस्टमार्टम

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी का शव उनके पैतृक गांव रवाना, दोपहर 2 बजे होगा अंतिम संस्कार, देर रात मांगों पर सहमति बनने के बाद हुआ था पोस्टमार्टम

एनसीआई@जयपुर 

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड़ में धरना स्थगित करने के बाद बुधवार रात शव का पोस्टमार्टम किया गया। सुखदेव के साथ नवीन का भी पोस्टमार्टम हुआ। आज गुरुवार को सुखदेव सिंह की पार्थिव देह को राजपूत सभा भवन में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इसके बाद शव हनुमानगढ़ स्थित उनके पैतृक गांव गोगामेड़ी में अंतिम संस्कार के लिए रवाना हुआ। इसे एक खुले वाहन में रखा गया है, ताकि रास्ते में उनके समर्थक उनके अंतिम दर्शन कर सकें।

इससे पहले कल सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड़ में सहमति पत्र पर विरोधाभास के बाद उनकी पत्नी शीला शेखावत ने राजपूत समाज के धरना स्थल पर आकर आक्रोशित और मार्मिक सम्बोधन में कहा कि कि दगा कर शेर को गीदड़ों ने मारा है। जो घर से चला गया उसकी कमी पूरी नहीं हो सकती है। एक मांग मेरी भी है। जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक यहां से हिलना नहीं है। सुखदेव सिंह ने लेटर पर कभी आश्वासन नहीं लिया है। अपनी बहन के लिए आप लोगों को ताल ठोकनी है। आंदोलन चाहे उग्र करना पड़े, लेकिन यहां से हिलना नहीं है। धरना-प्रदर्शन करना हमारी मजबूरी और जरूरत भी है। लेकिन उनके इस सम्बोधन के कुछ देर बाद स्थिति बदली और मांगों पर सहमति बनने के बाद उन्होंने धरने को स्थगित करने की घोषणा कर दी। इसके बाद मेट्रो मास हॉस्पिटल से गोगामेड़ी के शव को एसएमएस अस्पताल ले जाया गया। ‌ वहां देर रात उसका पोस्टमार्टम हुआ।

72 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी का मिला आश्वासन

दूसरे चरण की बातचीत में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की पत्नी शीला शेखावत को पुलिस ने 72 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी का लिखित आश्वासन दिया। इसके अलावा श्याम नगर एसएचओ को सस्पेंड करने सहित बीट प्रभारी और बीट कॉन्स्टेबल को भी हटा दिया गया। वहीं डीजीपी मिश्रा ने बताया कि पुलिस तत्परता से हत्यारों की तलाश कर रही है।

इन मांगों पर बनी सहमति

राजपूत समाज और सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के समर्थकों ने 11 मांगों पर सहमति बनने के बाद गोगामेड़ी का अंतिम संस्कार करने का फैसला लिया है। जिन बातों पर सहमति बनी है उनमें गोगामेड़ी हत्याकांड की जांच एनआईए के द्वारा किए जाने व परिजन को सरकारी नौकरी दिलवाने के लिए सरकार को अनुशंसा की जाएगी। घटना में घायल अजीत सिंह के परिजनों को आर्थिक सहायता की भी अनुशंसा व सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के परिजनों को हाई सिक्योरिटी प्रदान किए जाने की बात भी शामिल रही। परिवार को जयपुर कमिश्नरेट और हनुमानगढ़ पुलिस के द्वारा यह सिक्योरिटी दी जाएगी। इसके साथ ही परिजनों को उनकी जान की रक्षा के लिए शस्त्र उपलब्ध करवाया जाएगा।

मामले में एसआईटी गठित

डीजीपी उमेश मिश्रा ने गोगामेड़ी हत्याकांड की जांच के लिए एडीजी क्राइम दिनेश एमएन के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर दी है। इसने अपना काम भी शुरू कर दिया है। ‌कल ही यह वारदात स्थल पर पहुंच गई थी। गोगामेड़ी हत्याकांड के दोनों अभियुक्तों की पहचान हो चुकी है। कल रात गोगामेड़ी की पत्नी के परिवाद पर एफआईआर दर्ज होते ही दोनों अभियुक्तों की सूचना देने वाले को 5-5 लाख रुपए का इनाम घोषित कर दिया गया है।

इससे पूर्व जयपुर में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के बाद बुधवार को राजधानी सहित प्रदेशभर में बंद के आह्वान के तहत दिनभर आंदोलन हुए। कई जगहों पर आंदोलनकारी उग्र दिखाई दिए।

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की अंतिम दर्शन-श्रद्धांजलि यात्रा का ऐसा है ब्यौरा

• राजपूत सभा भवन ( प्रातः 6:45 बजे)
• भवानी निकेतन मुख्य द्वार ( 7:00)
• चौमू (7:45)

• रींगस (8:15)

• सीकर (8:45)

• लक्ष्मणगढ़ (9:15)

• फतेहपुर (9:45)

• चूरू (10:15)

• तारानगर (11:15)

• साहवा (दोपहर 12:00)

• भादरा (12:45)

• निवास स्थल गोगामेड़ी (2:00)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.