April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

संसद की कार्रवाई में बाधा डालने के आरोप में 15 सांसद पूरे सत्र से निलम्बित, लोकसभा और राज्यसभा में भारी हंगामा

संसद की कार्रवाई में बाधा डालने के आरोप में 15 सांसद पूरे सत्र से निलम्बित, लोकसभा और राज्यसभा में भारी हंगामा

टीएन प्रतापन, हिबी इडेन, जोतिमणि, रम्या हरिदास और डीन कुरियाकोस सहित लोकसभा के 14 और राज्यसभा के एक सांसद को मौजूदा शीतकालीन सत्र से निलम्बित कर दिया गया है।

एनसीआई@नई दिल्ली

संसद की सुरक्षा में चूक के मसले पर विपक्षी पार्टियों ने आज गुरुवार (14 दिसम्बर) को लोकसभा और राज्यसभा में जमकर हंगामा किया और गृह मंत्री अमित शाह से बयान देने की मांग की। इस बीच लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने हंगामा करने के आरोप में कांग्रेस सांसद टीएन प्रतापन, हिबी इडेन, जोतिमणि, रम्या हरिदास और डीन कुरियाकोस को शीतकालीन सत्र की बाकी बचे समय से निलम्बित कर दिया। मगर इसके बाद भी हंगामा नहीं थमा तो 9 और सदस्यों को शीतकालीन सत्र से निलम्बित कर दिया गया। इनमें बेनी बेहनन (कांग्रेस), मोहम्मद जावेद (कांग्रेस), पी आर नटराजन (सीपीआईएम), कनिमोझी (डीएमके), वीके श्रीकंदन (कांग्रेस), के सुब्रमण्यम, एसआर पार्थिबन (डीएमके), एस वेंकटेशन (सीपीआईएम) और मनिकम टैगोर (कांग्रेस) शामिल हैं।

संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने लोकसभा में कहा कि हम सब सहमत हैं कि कल (बुधवार, 13 दिसम्बर) की दुर्भाग्यपूर्ण घटना लोकसभा सदस्यों की सुरक्षा में गम्भीर चूक थी और इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष के निर्देश पर उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।

उन्होंने कहा, ”इस मुद्दे पर किसी भी सदस्य से राजनीति की अपेक्षा नहीं की जाती, हमें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करना होगा। संसद में सुरक्षा में चूक की इस तरह की घटनाएं पहले भी होती रही हैं और उस समय के लोकसभा अध्यक्षों के निर्देशानुसार कार्यवाही चलाई जाती रही है।”

सांसदों के निलम्बन पर जेडीयू अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि सरकार की नाकामी को छुपाने के लिए आज सांसदों को सस्पेंड किया गया है। सरकार अपनी नाकामी को छिपा रही है।

डेरेक ओब्रायन निलम्बित

इससे पहले राज्यसभा से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद डेरेक ओब्रायन को निलम्बित कर दिया गया। उनके निलम्बन को लेकर विपक्षी दलों के सांसदों ने राज्यसभा में जमकर हंगामा किया। इसके बाद राज्यसभा की कार्रवाई 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इसके बाद फिर 4 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।

विपक्ष की मांग

आज सुबह संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले आगे की रणनीति के लिए विपक्षी दलों की बैठक हुई। इस बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा, ”INDIA की पार्टियां मांग कर रही हैं: 1. कल संसद में हुई बेहद गम्भीर और ख़तरनाक सुरक्षा चूक पर दोनों सदनों में गृह मंत्री विस्तृत बयान दें और उसके बाद इसपर चर्चा हो।”

उन्होंने आगे कहा, ”घुसपैठ करने वालों को विजिटर पास दिलवाने वाले बीजेपी सांसद प्रताप सिम्हा के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।‌मोदी सरकार द्वारा इन पूरी तरह से वैध और उचित मांगों को मानने से इंकार करने के कारण आज सुबह लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित हो गई।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.