April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान हुआ शुरू, श्री अन्न के प्रति आमजन को किया जाएगा जागरूक

‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान हुआ शुरू, श्री अन्न के प्रति आमजन को किया जाएगा जागरूक

एनसीआई@झालावाड़

आमजन को शुद्व व गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के राज्य सरकार के निर्देश पर कमिश्नर (फूड एंड ड्रग) नकाते शिव प्रसाद के नेतृत्व में राज्यभर में 15 फरवरी से ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान प्रारम्भ किया गया है। इसी के तहत झालावाड़ जिले में कलक्टर अमर सिंह राठौड़ के निर्देशन में तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. साजिद खान के नेतृत्व में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

आमजन को शुद्ध खाद्य पदार्थों व मिलावट के प्रति जागरूक करने के लिए फ्लेक्स, बैनर, साइन बोर्ड, होर्डिंग्स, पोस्टर्स, पेम्पलेट्स व ऑनलाइन संदेश प्रतियोगिताओं के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। आमजन को स्वस्थ एवं स्वच्छ खाद्य पदार्थ एवं श्री अन्न यानी कि मोटा अनाज (मिलेट्स) की उपयोगिता के लिए जागरूक करना व चल खाद्य प्रयोगशाला (एमएफटीएल) के माध्यम से खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच करवाना एवं खाद्य कारोबारकर्ताओं को मौके पर खाद्य अनु़ज्ञापत्र, रजिस्ट्रेशन जारी करने के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे।

खाद्य कारोबारियों को स्वच्छ व स्वस्थ खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय से सम्बन्धित फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन फास्ट ट्रेक प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। ईट राइट इनिशिएटिव के तहत निर्धारित 40 मानकों के आधार पर खाद्य पदार्थ बेचने एवं खाने के विभिन्न स्थानों जैसे कि स्कूलों को ईट राइट स्कूल, परिसरों को ईट राइट परिसर, धार्मिक स्थानों को ईट राइट प्लेस ऑफ  वर्शिप, रेलवे स्टेशन व बस स्टेंड को ईट राइट स्टेशन के रूप में प्रमाणित किया जाएगा। साथ ही क्लीन स्ट्रीट फूड हब का चयनीकरण प्रमाणित करवाया जाएगा।

मिलावटखोेरों के खिलाफ की जाएगी सख्त कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण सक्सेना व गोविंद सहाय ने बताया कि अभियान के अंतर्गत मिलावटखोेरों के खिलाफ खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006, विनियम 2011 के तहत नियमित रूप से कार्रवाई, निरीक्षण, नमूनीकरण, सर्विलेंस, जब्ती, नष्टीकरण का कार्य किया जाएगा। जन स्वास्थ्य प्रयोगशालाओं के माध्यम से खाद्य नमूनों की समयबद्ध जांच करवा कर रिपोर्टिंग की जाएगी। जांच में अमानक पाए गए खाद्य पदार्थ व्यापारियों के खिलाफ समयबद्ध व सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत कर शीघ्र निस्तारण कर सजा दिलवाई जाएगी। मिलावटी खाद्य तेल, घी, दूध व दूध से निर्मित खाद्य पदार्थों मावा, पनीर, मिलावटी मसाले व अन्य खाद्य सामग्री पेय पदार्थ, आटा, बेसन तथा खुले में खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोकथाम के लिए पुलिस के साथ विशेष अभियान संचालित कर नियमानुसार मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसी क्रम में झालावाड़ सीएमएचओ ऑफिस में आयोजित शिविर में 20 लाइसेंस तथा रजिस्ट्रेशन जारी किए गए। साथ ही सोयाबीन रिफाइंड तेल एवं नमकीन के नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाया गया है।
सक्सेना ने बताया कि मिलावट की शिकायत वॉट्सएप नम्बर 9462819999 पर की जा सकती है। अभियान से जुड़ी नवीन अपडेट्स देखने के लिए चिकित्सा विभाग के आधिकारिक पेज आईईसी झालावाड़ को सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म्स फेसबुक, एक्स (ट्विटर), यूट्यूब, इंस्टाग्राम पर फाॅलो अथवा सब्सक्राइब करें। दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोविंद सहाय गुर्जर, अरुण सक्सेना, बालमुकुंद तथा मोबाइल फूड वैन, टेस्टिंग वैन में टेक्नीशियन शावेज मौजूद रहे । एमएफटीएल द्वारा मौके पर ही 32 खाद्य नमूनों की जांच की गई ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.