हिमाचल के पूर्व सीएम के मंत्री बेटे को अदालत से बड़ा झटका, राजस्थान निवासी पत्नी को देने होंगे 4 लाख रुपए मासिक
एनसीआई@उदयपुर
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे और वर्तमान पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह को अपनी पत्नी को भरण-पोषण के लिए हर महीने 4 लाख रुपए देने होंगे। उदयपुर की फैमिली कोर्ट-3 ने शुक्रवार को यह आदेश जारी किया।

मंत्री विक्रमादित्य की पत्नी सुदर्शना सिंह राजसमंद के चूण्डावत आमेट रियासत परिवार से आती हैं। उन्होंने अक्टूबर 2022 में उदयपुर अदालत में घरेलू हिंसा एक्ट के तहत पति के खिलाफ परिवाद पेश किया था।
सीनियर वकील भंवर सिंह देवड़ा ने बताया- विक्रमादित्य सिंह को केस चलने तक अंतरिम भरण-पोषण के रूप में हर महीने चार लाख रुपए पत्नी को देने होंगे। इस मामले के सम्बन्ध में विक्रमादित्य अपने परिवार के साथ उदयपुर आए।

पति पर परेशान करने का आरोप
विक्रमादित्य सिंह और सुदर्शना की मार्च 2019 में जयपुर में शादी हुई थी। विक्रमादित्य का परिवार शिमला के पूर्व राजघराने से है। वहीं सुदर्शना का पीहर 16 उमराव में से एक राजस्थान के राजसमंद का आमेट है। शादी के बाद जल्दी ही पति-पत्नी के बीच मतभेद पैदा हो गए। इस पर पत्नी सुदर्शना ने ससुरालवालों पर परेशान करने का आरोप लगाया। कोविड महामारी के समय से दोनों अलग रह रहे थे। इसके बाद उदयपुर कोर्ट में वाद दायर किया गया।
