नाबालिग स्कूली छात्रा से पुलिस क्वार्टर में दुष्कर्म, गर्भवती होने पर घरवालों को पता चला, एक आरोपी गिरफ्तार, कॉन्स्टेबल भी है आरोपी
एनसीआई@जयपुर
राजधानी जयपुर में पुलिस क्वार्टर में एक नाबालिग स्कूली छात्रा से युवक और उसके पुलिस कॉन्स्टेबल जीजा के द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने नाबालिग छात्रा से दोस्ती कर उसे मिलने के बहाने से बुलाया और अपने जीजा के क्वार्टर पर लेकर पहुंचा। आरोप है कि वहां दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के गर्भवती होने पर परिजनों को घटना का पता चला। नाबालिग पीड़िता ने आरोपी युवक और उसके कॉन्स्टेबल जीजा के खिलाफ गांधी नगर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि ब्रह्मपुरी निवासी 16 वर्षीय लड़की ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। इस रिपोर्ट के अनुसार वह 11वीं कक्षा की छात्रा है। कोटपूतली में रिश्तेदार के यहां उसकी मुलाकात पवन कुमार (24) से हुई। बातचीत के दौरान उसने दोस्ती कर ली। साथ ही उसे बात करने के लिए एक मोबाइल भी दिया। करीब एक साल पहले पवन उसके स्कूल के बाहर आया और उसे बहला-फुसलाकर मिलने के बहाने गांधी नगर स्थित अपने जीजा के पुलिस क्वार्टर पर ले गया।
युवक और उसके कॉन्स्टेबल जीजा ने किया दुष्कर्म
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसे दिनभर क्वार्टर में रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे मारने की धमकी दी। कुछ देर बाद आरोपी का पुलिस कॉन्स्टेबल जीजा भी वहां आ गया और उसने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही दोनों ने इस बारे में किसी को बताने पर उसके भाई को मारने की धमकी दी। इसके बाद फिर 12-13 नवम्बर को आरोपी पवन उसे डरा-धमकाकर स्कूल टाइम में पुलिस क्वार्टर पर ले गया और दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने बताया कि कुछ दिनों बाद उसकी तबीयत खराब होने पर परिवार वालों ने जांच करवाई तो उसके गर्भवती होने का पता चला। इस पर उसके परिजनों ने बदनामी के डर से उसका अबॉर्शन करवा दिया। बालिका ने आरोपी पवन से मिलना बंद कर दिया। इसके बाद पवन ने 14 फरवरी को उसके घर में घुसकर परिजनों से मारपीट की। तब उसने परिजनों के साथ गांधी नगर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर आरोपी पवन कुमार निवासी बानसूर, कोटपूतली को गिरफ्तार कर लिया है।
कॉन्स्टेबल पर लगे आरोप की चल रही जांच
गांधी नगर एसीपी संदीप सारस्वत का कहना है कि मुख्य आरोपी पवन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। नाबालिग पीड़िता ने आरोपी के पुलिस कॉन्स्टेबल जीजा पर भी दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है।
