पश्चिम बंगाल में शहीद हुए जवान को 15 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि, 11 किलोमीटर लम्बी अंतिम यात्रा निकली
एनसीआई@अजमेर
पश्चिम बंगाल में शहीद हुए जवान का बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे उनके पैतृक गांव किशनगढ़ के तिलोनिया में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। शहीद के 15 वर्षीय बेटे दीपेन्द्र चौधरी ने उन्हें मुखाग्नि दी। इससे पहले सेना के जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी। छोटू राम जाट (42) पुत्र दिवंगत दानाराम जाट 18 फरवरी को पश्चिम बंगाल में नक्सलियों से मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। वे बीएसएफ की 91 बटालियन में बीओपी एलेंडरी पर हेड कॉन्स्टेबल थे।

मंगलवार देर शाम शहीद की पार्थिव देह किशनगढ़ पहुंची। उसे यहां मार्बल सिटी हॉस्पिटल में रखवाया गया। बुधवार सुबह हजारों लोगों की मौजूदगी में भारत माता के जयकारों के बीच शहीद की पार्थिव देह सेना के वाहन में तिलोनिया गांव के लिए रवाना हुई। शहीद की अंतिम यात्रा किशनगढ़ के मुख्य बाजार से होते हुए करीब 11 किलोमीटर दूर तिलोनिया गांव पहुंची।
शहीद छोटू राम जाट की अंतिम यात्रा सुबह 11.50 बजे तिलोनिया गांव स्थित उनके घर पहुंची। यहां शहीद के बेटे दीपेन्द्र चौधरी, बेटी सोनू चौधरी और पत्नी राम कन्या देवी सहित अन्य परिजनों ने उनके अंतिम दर्शन किए। यहां से अंतिम यात्रा करीब एक किलोमीटर दूर चामुंडा माता मंदिर की तलहटी में पहुंची।

अंत्येष्टि स्थल पर 91 बटालियन के एसआई सुनील कुमार और जयपुर से आई 49 बटालियन के एसआई सचिन कुमार के नेतृत्व में 11 जवानों ने पुष्प चक्र अर्पित किए। इसके बाद 7 राउंड फायर कर शहीद को अंतिम सलामी दी गई। 91 बटालियन के एसआई सुनील कुमार ने शहीद के बेटे दीपेन्द्र चौधरी को सम्मान पूर्वक तिरंगा सौंपा। इसके बाद दीपेन्द्र ने अपने पिता को मुखाग्नि दी।
इस दौरान किशनगढ़ विधायक डॉ. विकास चौधरी, पूर्व विधायक नाथूराम सिनोदिया, सामाजिक कार्यकर्ता अरुणा रॉय, तिलोनिया सरपंच नंदलाल भादू, पूर्व सरपंच मंगला राम सहित कई पंचायत समितियों के प्रधान, अन्य जनप्रतिनिधि और पूरे गांव सहित आसपास के विभिन्न गांवों के भी लोग मौजूद रहे।

गांव के बाहर करीब एक किलोमीटर तक सड़क के दोनों ओर ग्रामीण और स्कूली बच्चे पुष्प वर्षा के लिए फूल लेकर खड़े थे।
सेना के वाहन में मार्बल सिटी हॉस्पिटल से किशनगढ़ के मुख्य बाजार से होते हुए तिलोनिया गांव तक निकली अंतिम यात्रा।

22 साल से सेना में थे छोटूराम
छोटू राम ने 16 जुलाई 2001 को बीएसएफ जॉइन की थी। वे तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बडे भाई कानाराम मूंडवारिया खेती करते हैं। दूसरे भाई देवाराम राजस्थान पुलिस में हैं। इनके माता-पिता का देहांत हो चुका है। छोटू राम की शादी 2003 में सलेमाबादा के पास पींगलोद निवासी राम कन्या देवी (38) के साथ हुई थी। उनके बेटी सोनू चौधरी (17) और बेटा दीपेन्द्र चौधरी (15) हैं। अजमेर स्थित केन्द्रीय विद्यालय में बेटी 9 वीं और बेटा 7 वीं कक्षा में पढ़ता है।
