किरू हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट केस में एक्शन: पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के घर-दफ्तर पर सीबीआई का छापा, जम्मू-कश्मीर में भी 30 ठिकानों पर रेड
सत्यपाल मलिक ने आरोप लगाया था कि उन्हें राज्य का गवर्नर रहते (तब जम्मू-कश्मीर केन्द्र शासित प्रदेश नहीं बना था) परियोजना से सम्बन्धित दो फाइलों को मंजूरी देने के लिए 300 करोड़ रुपए की रिश्वत की पेशकश की गई थी। वह 23 अगस्त, 2018 से 30 अक्टूबर, 2019 तक जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल रहे थे।
एनसीआई@नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर के किरू हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई ने गुरुवार सुबह पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के दिल्ली स्थित आवास और दफ्तर की तलाशी ली। इसके अलावा केन्द्रीय एजेंसी ने जम्मू-कश्मीर में भी 30 ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की।
यह मामला किश्तवाड़ में चिनाब नदी पर प्रस्तावित किरू हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट के लिए 2019 में 2200 करोड़ रुपए के सिविल वर्क का कॉन्ट्रेक्ट देने में हुए कथित भ्रष्टाचार से जुड़ा हुआ है।
उल्लेखनीय है कि सत्यपाल मलिक ने आरोप लगाया था कि उन्हें राज्य का गवर्नर रहते (तब जम्मू-कश्मीर केन्द्र शासित प्रदेश नहीं बना था) परियोजना से सम्बन्धित दो फाइलों को मंजूरी देने के लिए 300 करोड़ रुपए की रिश्वत की पेशकश की गई थी। सूत्रों से पता चला है कि मगर सीबीआई को कुछ ऐसे सबूत मिले हैं, जिनसे पता चल रहा कि मलिक खुद इस भ्रष्टाचार का हिस्सा रहे थे। वह 23 अगस्त, 2018 से 30 अक्टूबर, 2019 तक जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल रहे थे।
मलिक ने कहा-परेशान करने के लिए कार्रवाई
सत्यपाल मालिक ने सीबीआई की इस कार्रवाई पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वह तीन-चार दिन से बीमार हैं। उनके घर पर सीबीआई की रेड की जा रही है। यह कार्रवाई उन्हें परेशान करने के लिए हैं।
