पति, सास और सौतन ने महिला को डायन बता निर्वस्त्र किया, जंजीरों से बांधकर पीटा, पिता शिकायत करने गया तो पुलिस ने कहा-कल आना
एनसीआई@बांसवाड़ा
जिले के मोटागांव में एक महिला को डायन कहकर उसे यातनाएं देने का सनसनीखेज खेज मामला सामने आया है। इस वारदात को महिला के पति (पूर्व सरपंच), सौतन (पहली पत्नी) और सास ने अंजाम दिया। डायन कहते हुए इन तीनों ने महिला को निर्वस्त्र कर खाट से बांधा, फिर बुरी तरह पीटा।
आरोप है कि पति ने महिला के मुंह पर मुक्के मारे, उसे भूखा रखा। संयोगवश अपनी बेटी के ससुराल पहुंचे पिता ने उसे छुड़ाया और अस्पताल ले गया। इसके बाद पुलिस को शिकायत करने गया तो जवाब मिला कल आना।
पीड़िता ने शिकायत में बताया है कि आरोपी पति से 2021 में मेरा नातरा विवाह हुआ था। उसके पहले से एक पत्नी है। पहले सब ठीक रहा, मेरे 2 बेटियां भी हुईं। लेकिन पहली पत्नी का बेटा बीमार हुआ तो पति, सौतन व सास मुझे डायन कहकर प्रताड़ित करने लगे। पिछली 14 फरवरी को रात 12 बजे पति आया, यह कहते हुए चोटी पकड़कर मारपीट करने लगा कि तूने बेटे पर जादू टोना कर उसे बीमार कर दिया है।
बेटे को ठीक नहीं किया तो तुझे मार डालूंगा
इसी दौरान पहली पत्नी और सास सास भी आ गई और डायन कहते हुए मुझ पर नींबू छिड़का। दोनों ने मेरे हाथ पकड़ लिए और पति ने मुझे निर्वस्त्र कर पीटा। बाद में खाट से बांधकर बुरी तरह मारपीट की। आरोप है कि पीड़िता को भोजन तक नहीं दिया और दोनों बेटियों को उससे छीन लिया। पति ने उसके मुंह पर इस कदर मुक्के मारे कि वह खाना तक नहीं खा पा रही है। अंत में उसे बांधकर कमरे में बंद कर दिया।
संयोग से पहुंचा पिता, सन्न रह गया
पीड़िता के पिता ने बताया- मैं तो 15 फरवरी को संयोग से बेटी के घर पहुंचा था। सांकळ (जंजीर) खोलकर भीतर गया तो बेटी को खाट से बंधी देख सन्न रह गया। इस पर उसे छुड़ाया। पास ही उसकी सौतन के साथ रह रही दोनों बेटियों को भी छुड़ाया। इस दौरान भी मेरी बेटी पर हमले का प्रयास किया गया और मुझे जान से मारने की धमकी दी गई। बाद में मैं बेटी को जगपुरा अस्पताल ले गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे बांसवाड़ा रेफर कर दिया।
पुलिस ने कहा- साहब नहीं हैं, कल आना
इसके बाद अगले दिन सुबह पिता इस वारदात की शिकायत लेकर घाटोल डिप्टी एसपी नानालाल सालवी के ऑफिस पहुंचा, लेकिन वहां से उसे यह कहकर लौटा दिया गया कि साहब नहीं हैं, कल आना। शाम को डिप्टी एसपी नानालाल सालवी को मामले का पता चला तो उन्होंने तुरंत मोटागांव थाने परिवाद भेजकर प्रकरण दर्ज कराने का आदेश दिए। फिर सायं 7 बजे बाद पुलिस टीम मौके के लिए रवाना की गई।
डिप्टी एसपी ने इस मसले पर कहा- बेणेश्वर मेले में ड्यूटी होने के कारण मैं वहां गया था। मामले का पता चलने पर परिवाद मोटागांव थाने भेज दिया है, प्रकरण दर्ज हो जाएगा। वहीं, मोटागांव थाना प्रभारी बोले- एफआईआर दर्ज कर रहे हैं, टीम भेज दी है।
