April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

पेपर लीक के शातिरों की प्रॉपर्टी होगी सीज, 20 से अधिक प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक किए, मास्टर माइंड की पत्नी पर भी केस

पेपर लीक के शातिरों की प्रॉपर्टी होगी सीज, 20 से अधिक प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक किए, मास्टर माइंड की पत्नी पर भी केस

एनसीआई@जयपुर

जूनियर इंजीनियर (जेईएन) भर्ती-2020 पेपर लीक मामले में शामिल बदमाशों और उनके परिवार पर एसओजी ने एक्शन लेना शुरू कर दिया है। एसओजी पेपर लीक कांड में शामिल चारों आरोपियों की प्रॉपर्टी सीज करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए नगर निगम, जेडीए और जिला प्रशासन से इनकी सम्पत्ति का विवरण मांगा है।

वहीं, मास्टर माइंड हर्षवर्धन कुमार मीणा की पत्नी सरिता मीणा के खिलाफ भी एसओजी ने गुरुवार को एफआईआर दर्ज कर ली है। हर्षवर्धन ने पूछताछ में एसओजी को बताया कि उसकी पत्नी ने पटवारी रहने के दौरान एसआई का पेपर दिया था। इस पेपर में पत्नी की जगह डमी केंडिडेट बैठाया था। पत्नी इस परीक्षा में तो पास हो गई थी, लेकिन फिजिकल टेस्ट में फेल हो गई थी।

20 से ज्यादा परीक्षाओं के पेपर लीक किए

एडीजी एसओजी वीके सिंह ने बताया- एसओजी की 10 दिन की रिमांड पर चल रहे पटवारी हर्षवर्धन मीणा, शिक्षक राजेन्द्र कुमार यादव, एसआई राजेन्द्र कुमार यादव उर्फ राजू और लाइब्रेरियन शिवरतन मोट से अब तक हुई पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

शिक्षक राजेन्द्र कुमार यादव ने जयपुर के खातीपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में 25 साल से ड्यूटी करते हुए 20 से अधिक प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक किए हैं। इन्हें हर्षवर्धन ने 50 से 60 लाख रुपए में बेचा। हर्षवर्धन ने ये पेपर अलग-अलग लोगों के माध्यम से बेचे। इसी तरीके से वह अपने परिवार के कई लोगों की नौकरी भी लगवा चुका है। एसओजी उन सभी की डिटेल निकाल रही है। हर्षवर्धन के सभी करीबी और रिश्तेदारों से एसओजी पूछताछ कर एफआईआर दर्ज करेगी।

विभागों को भी कार्यवाही के लिए लिखेंगे पत्र

एडीजी एसओजी वीके सिंह ने बताया- पेपर लीक मामले में गिरफ्तार हुए आरोपियों की सम्पत्ति का आकलन किया जा रहा है। एसओजी की एक टीम इनकी सम्पत्ति को लेकर अलग-अलग जगहों पर काम कर रही है। निगम, जेडीए, जिला प्रशासन से इन चारों की सम्पत्ति की डिटेल ली गई है। इस आधार पर इनकी सम्पत्ति को नए कानून के तहत सीज या कुर्क किया जाएगा। जिन विभाग में ये चारों लोग काम कर रहे हैं, उन विभाग को भी पत्र लिखकर इनके खिलाफ एक्शन के लिए कहा जाएगा। उन्होंने बताया- नए कानून के तहत जितने भी प्रावधान हैं, वो सभी इन पर लगाए जाएंगे। कानून के दायरे में जो भी आएगा, उसके खिलाफ भी कड़ा एक्शन लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.