मिलावट की आशंका पर मूंगफली का 3 हजार किलो तेल सीज, एक पीपे की कीमत करीब 2500 रुपए, जांच के लिए भेजा सेम्पल
एनसीआई@कोटा
‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा टीम ने अग्रसेन बाजार में बड़ी कार्रवाई की है। इस टीम ने मिलावट की आशंका पर जैन अग्रवाल ट्रेडर्स में 3 हजार किलो मूंगफली का तेल सीज किया है। टीम ने जांच के लिए सेम्पल लेकर प्रयोगशाला भिजवाया है।
सीएमएचओ डॉ. जगदीश सोनी ने बताया कि 15 किलोग्राम पैक वाले 200 टिन में 3 हजार किलो (30 क्विंटल) जैन फ्रेश ब्रांड मूंगफली का तेल भरा था। इन्हें जैन अग्रवाल ट्रेडर्स के मालिक ने सवाई माधोपुर की मैसर्स सुनील इंडस्ट्रीज से मंगवाया जाना बताया। इसका खरीद बिल भी टीम को दिखाया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप अग्रवाल, चन्द्रवीर सिंह जादौन व नितेश गौतम ने बताया कि बाजार में मूंगफली के तेल के एक पीपे की कीमत लगभग 2500 रुपए है। वहीं सीज किए गए मूंगफली तेल के भाव 200 रुपए कम, 2300 रुपए होने से टीम को इसके मिलावटी होने का संदेह हुआ। टीम ने मिलावट की आशंका पर इस तेल का एक नमूना लेते हुए सभी 200 टिन तेल को प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने तक के लिए सीज कर दिया।
सीएमएचओ डॉ. सोनी ने बताया कि गुमानपुरा मावा मंडी के 57 खाद्य कारोबारियों को दिल्ली से आई टीम डीसीआई मल्टीस्कील के प्रतिनिधि स्मिता औदिच्य ने फूड सेफ्टी का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने खाद्य पदार्थ के भंडारण, निर्माण, स्वच्छता के प्रावधानों की भी जानकारी दी, ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध खाद्य सामग्री मिल सके। मोबाइल फूड टेस्टिंग लेबोरेट्री द्वारा डीसीएम रोड पर उपभोक्ताओं एवं विक्रेताओं द्वारा लाए गए 27 खाद्य पदार्थों की मौके पर ही जांच की।
