April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

एक ही बुलेट पर बिना हेलमेट सवार थे चार दोस्त, कार से टकरा कर गिरे, पीछे से आई बस घसीटते हुए ले गई, दो दोस्तों की मौत, दो गम्भीर घायल

एक ही बुलेट पर बिना हेलमेट सवार थे चार दोस्त, कार से टकरा कर गिरे, पीछे से आई बस घसीटते हुए ले गई, दो दोस्तों की मौत, दो गम्भीर घायल

एनसीआई@बयाना(भरतपुर)

कोचिंग इंस्टीट्यूट से लौट रहे 10 वीं कक्षा के चार दोस्तों को गुरुवार दोपहर ढाई बजे करीब बयाना थाना क्षेत्र के सिकंदरा गांव के पास एक कार ने टक्कर मार दी। इसी दौरान पीछे से आई बस बाइक सहित उन्हें करीब सौ मीटर तक घसीट कर ले गई। इस हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई, बाकी दो गम्भीर घायल हो गए। चारों दोस्त बिना हेलमेट के एक ही बुलेट पर अपने घर लौट रहे थे।

कोतवाली थाना के एसआई रमेशचंद्र ने बताया कि निजी स्कूल में 10 वीं के छात्र सिकंदरा गांव निवासी दीपक (16) पुत्र राम प्रकाश गुर्जर, तरसूमा गांव निवासी लोकेन्द्र गुर्जर (16) पुत्र सूबे सिंह, सिकंदरा निवासी सचिन (18) पुत्र राजू सिंह और तरसूमा निवासी अजवीर (16) पुत्र बिंदा गुर्जर बयाना से कोचिंग इंस्टीट्यूट में पढ़कर घर लौट रहे थे। बाइक सचिन के बड़े भाई कुलदीप की थी। चारों छात्र बिना हेलमेट के बाइक पर आ रहे थे।

सिकंदरा से एक किमी पहले उनकी बाइक कार से टकरा गई। चारों दोस्त बाइक सहित सड़क पर गिर गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस दौरान पीछे से आ रही बस बाइक को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। इस हादसे में चारों दोस्त बुरी तरह घायल हो गए। सचिन का पैर कटकर अलग हो गया।

आसपास के लोगों ने बयाना पुलिस और एम्बुलेंस को सूचित किया। इसके बाद चारों को बयाना सीएचसी लाया गया। वहां गम्भीर घायल लोकेन्द्र की मौत हो गई। बाकी तीनों दीपक, सचिन, और अजवीर को भरतपुर जिला हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। यहां से दीपक को परिजन एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। दीपक के पिता रामप्रकाश रिटायर्ड फौजी हैं, वे दिल्ली में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं।

सीएचसी इंचार्ज जोगेन्द्र सिंह गुर्जर ने बताया कि दीपक, सचिन और लोकेन्द्र गम्भीर हालत में सीएचसी लाए गए थे। लोकेन्द्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। प्राथमिक उपचार के बाद सचिन, अजवीर और दीपक को भरतपुर रेफर कर दिया था।

एसआई रमेश चंद्र ने बताया- लोकेन्द्र का पोस्टमॉर्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। कार और बाइक को जब्त कर लिया है। कार और बस ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.