नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को 20 साल की जेल, दोस्ती कर फंसाया था, चार साल बाद मिला न्याय
एनसीआई@कोटा
विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में करीब चार साल पहले नाबालिग से हुए दुष्कर्म के आरोपी को पॉक्सो कोर्ट क्रम 3 ने 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
घटनाक्रम के अनुसार आरोपी ने अपने जीजा के यहां रहने आई 15 साल की नाबालिग से पहले तो दोस्ती की, इसके बाद बहला-फुसलाकर भगा ले गया। पहले दिन तो उसे अपने किराए के कमरे पर रखा। फिर दूसरे दिन दोस्त के कमरे पर ले जाकर दुष्कर्म किया।
इस मामले में अदालत ने आरोपी विष्णु (22) निवासी झालावाड़ को 20 साल के कठोर कारावास के साथ 30 हजार रुपए के जुर्माने की भी सजा सुनाई है। विशिष्ट लोक अभियोजक ललित कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़िता के जीजा ने अक्टूबर 2020 में विज्ञान नगर थाने में इस मामले की शिकायत दी थी।
यह था पूरा मामला
इस शिकायत में बताया गया था कि उसके ससुर किसी काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। उन्होंने 15 साल की साली को मेरे घर छोड़ दिया था। पिछले 7 दिन से साली हमारे साथ रह रही थी। 9 अक्टूबर को वह और उसकी पत्नी दोनों काम पर चले गए। घर पर उसका 11 साल का बेटा और साली ही थे। वे अपराह्न तीन बजे करीब वापस घर लौटे तो साली घर पर नहीं मिली। इस पर उसे आसपास तलाश किया, लेकिन पता नहीं लगा।
इस शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। दो दिन बाद पीड़िता को बरामद कर आरोपी विष्णु को गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच कर उसके खिलाफ अदालत में चालान पेश किया। इस पर अदालत ने अपना यह फैसला सुनाया।
