मां ने परांठे बनाने को कहा तो बेटी ने ऑल आउट पी लिया, बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया
एनसीआई@कोटा
रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र के रंग तालाब इलाके की निवासी एक महिला ने बीस वर्षीय बेटी से खाना बनाने को कहा तो उसने मच्छर मारने का लिक्विड ऑल आउट पी कर आत्महत्या करने की कोशिश की। इसके बाद परिजन उसे बेहोशी की हालत में एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया। इलाज के बाद युवती की हालत में सुधार दिखाई दिया।
युवती की मां ने बताया कि मंगलवार को बेटी ने उनके मेहंदी लगाई थी। इसके बाद घर में मेहमान आ गए। इस पर शाम को मैथी के परांठे बनाने की तैयारी कर रहे थे। आटा भी लगा दिया गया था। बेटी से परांठे बनाने को कहा, मगर वह रसोई में जाने की बजाय टीवी देखने बैठ गई। टीवी पर गाने सुनती रही। इसी बात को लेकर उसे डांट लगाई। इसके थोड़ी देर बाद बेटी रसोई में आई और उनसे पूछा कि ऑल आउट पीने से क्या होता है ?
मां ने उसे बताया कि इससे इन्फेक्शन हो जाता है। मगर तू ऐसा क्यों पूछ रही है ? तब बेटी ने बताया कि उसने ऑल आउट पी लिया है। इसके थोड़ी देर बाद उसे चक्कर आने लगे। बेहोशी की हालत में उसे तुरंत हॉस्पिटल लेकर गए। महिला ने बताया कि घटना के समय घर पर उनकी मां व बेटी ही थे। इस पर बेटे व पति को फोन करके बुलाया। बेटी बीए सेकंड ईयर में पढ़ रही है। अस्पताल में इलाज के बाद युवती की तबीयत में सुधार हो गया।
