April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

एक दिन पहले तक पीएम मोदी का मजाक उड़ाने वाले वीडियो रीट्वीट कर रहे थे, सुबह कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हो गए ये इंटरनेशनल बॉक्सर, कही यह बात

एक दिन पहले तक पीएम मोदी का मजाक उड़ाने वाले वीडियो रीट्वीट कर रहे थे, सुबह कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हो गए ये इंटरनेशनल बॉक्सर, कही यह बात

बॉक्सर विजेंदर सिंह ने एक दिन पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक वीडियो रीट्वीट किया था, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मजाक उड़ाया गया था। अब सवाल उठ रहा है कि उनका मन 24 घंटे में कैसे बदल गया?

एनसीआई@नई दिल्ली

मुक्केबाजी में ओलम्पिक पदक जीतने वाले बॉक्सर विजेंदर सिंह आज बुधवार को कांग्रेस का साथ छोड़ बीजेपी में शामिल हो गए। दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े की उपस्थिति में विजेंदर ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। बीजेपी में शामिल होने से ठीक एक दिन पहले तक मुक्केबाजी में भारत के पहले ओलम्पिक पदक विजेता विजेंदर सिंह पूरी तरह से कांग्रेसी थे और राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसने वाले ट्वीट को री-पोस्ट कर रहे थे। बीजेपी के खिलाफ टिप्पणियां कर रहे थे। ऐसे में सबके मन में एक सवाल है कि एक दिन में, सारी रात भर में ऐसा क्या हुआ जो उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया। इसका जवाब खुद विजेंदर सिंह ने दिया है।

विजेंदर ने कहा कि जब वो सोकर उठे तो उन्हें एहसास हुआ कि उन्होंने गलत किया है, इसलिए बाद में उन्होंने अपनी गलती सुधारी। उन्होंने यह भी कहा कि वो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के काम से बहुत प्रभावित हैं।

बीजेपी में आना घर वापसी जैसा

दरअसल, बीजेपी ज्वॉइन करने के दौरान विजेंदर ने कहा कि मैं आज बीजेपी में शामिल हो रहा हूं। यह मेरे लिए घर वापसी जैसा है। 2019 में मैंने चुनाव लड़ा। वापस आना अच्छा है। जब हम विदेश में प्रतिस्पर्धा करने जाते थे, तो हवाई अड्डों पर बहुत सारी घटनाएं होती थीं। लेकिन जब से बीजेपी सत्ता में आई है, खिलाड़ियों को काफी सम्मान मिलता है। मुझे आशा है कि मैं लोगों को सही मार्ग दिखा सकूंगा। उन्होंने कहा कि मैं वही विजेंदर हूं। मैं गलत को गलत, सही को सही कहूंगा।

मथुरा से तय‌ था टिकट, फिर क्यों…..

मथुरा से कांग्रेस का लोकसभा टिकट लगभग तय होने के बाद भी बीजेपी में शामिल होने के सवाल पर विजेंदर ने कहा कि घर वापसी हो गई है। 2019 में कांग्रेस में शामिल हुआ था, लेकिन अब लगा कि जो लोगों की पसंद है, उसके साथ जाना चाहिए, इसलिए मैं भारतीय जनता पार्टी में आया। हृदय परिवर्तन कभी भी हो सकता है। पहलवानों के प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि मैं खिलाड़ियों के साथ था और आगे भी रहूंगा। जो मुझे लगेगा गलत है, मैं उसके खिलाफ आवाज उठाऊंगा। जहां पार्टी भेजेगी मैं जाऊंगा।

विजेंदर सिंह बीजेपी की इस बात से प्रभावित हुए

बॉक्सर विजेंदर सिंह कहा कि वो भारतीय जनता पार्टी की बहुत सारी बातों से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा,

“हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिस हिसाब से काम कर रहे हैं, जिस हिसाब से वो सरकार चला रहे हैं, वो काबिले तारीफ है। वो जनता की भलाई चाहते हैं, इसलिए मैंने भारतीय जनता पार्टी ज्वॉइन की है।”

विजेंदर सिंह कल तक राहुल गांधी के वीडियो शेयर कर रहे थे, जिसमें प्रधानमंत्री का मज़ाक उड़ाया जा रहा था। अब सवाल उठ रहा है कि विजेंदर का मन 24 घंटे में कैसे बदल गया? इस सवाल का जवाब देते हुए बॉक्सर विजेंदर सिंह ने कहा,

“कल मैं उसके बाद (वीडियो शेयर करने के बाद) सो गया। उसके बाद जब मैं उठा तो मुझे लगा कि यार आप (मैं) गलत कर रहे हैं। आप गलत प्लेटफ़ॉर्म पर हैं तो आप भारतीय जनता पार्टी में आइए, और यहां से आप सही दिशा में जाएंगे। इसलिए मैं भारतीय जनता पार्टी में आया।”

राहुल गांधी के भविष्य पर यह कहा

“राहुल गांधी पिछले 10 साल से सत्ता से बाहर हैं, तो जनता बता रही है कि उनका भविष्य कैसा है। आप 5 साल रुकिए और देखिए कि उनका (राहुल गांधी) भविष्य कैसा होगा।”

यहां यह भी गौरतलब है कि भारतीय कुश्ती महासंघ में महिला पहलवानों के कथित यौन शोषण के खिलाफ किए गए विरोध प्रदर्शन को विजेंदर सिंह ने अपना समर्थन दिया था।अब वो बीजेपी के साथ आ गए हैं। इस बारे में सवाल किए जाने पर उन्होंने कहा कि जो उन्हें सही लगेगा वो उसका साथ देंगे।

कांग्रेस का आतंक प्रेम जगजाहिर है: तावड़े

विजेंदर सिंह के बीजेपी में शामिल होने पर पार्टी महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि मेरे पास राहुल गांधी के लिए तीन सवाल हैं। वह एसडीपीआई का समर्थन ले रहे हैं, जो प्रतिबंधित संगठन पीएफआई का राजनीतिक मोर्चा है। पीएफआई पर प्रतिबंध लगाया गया है, क्योंकि उनके आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े होने के सबूत हैं। कांग्रेस का आतंक प्रेम जगजाहिर है। क्या ऐसी एसडीपीआई राहुल गांधी की मोहब्बत की दुकान में फिट बैठ सकती है?

‘कांग्रेस के पास खड़गे की तस्वीर नहीं?’

तावड़े ने कहा कि दूसरी बात ये है कि दिल्ली में घमंडिया गठबंधन की रैली थी, लेकिन उसी रैली में सीपीआई मौजूद थी जो पश्चिम बंगाल में कांग्रेस से मुकाबला करने के लिए राहुल गांधी, टीएमसी के खिलाफ लड़ रही है। ये कैसा गठबंधन है? कांग्रेस के विज्ञापन आए हैं, लेकिन उनके पास मल्लिकार्जुन खड़गे की तस्वीरें नहीं हैं। क्या वहां पार्टी अध्यक्ष की तस्वीर नहीं होनी चाहिए? राहुल गांधी, सोनिया गांधी क्यों नहीं? क्या आप चिंतित हैं कि इन फोटो को जोड़ने से आपके वोट में बाधा आ सकती है?

उन्होंने आगे कहा कि विजेंदर आज हमारे साथ जुड़ गए हैं।‌ वह एक अच्छे खिलाड़ी हैं। वह विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए हमारे साथ जुड़े हैं। हम इनका इस्तेमाल हरियाणा, दिल्ली और यूपी में करेंगे।

कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं विजेंदर

उल्लेखनीय है कि विजेंदर सिंह ने साल 2019 में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले राजनीति में कदम रखा था।‌ उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर दक्षिण दिल्ली से लड़ा था, हालांकि, वो बीजेपी के रमेश बिधूड़ी से चुनाव हार गए थे। बिधूड़ी को 6 लाख 87 हजार से ज्यादा वोट मिले थे। आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा को 3 लाख 19 हजार से ज्यादा और विजेंदर को 1 लाख 64 हजार से ज्यादा वोट मिले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.