दहेज के लिए मारपीट से परेशान विवाहिता ने की आत्महत्या, ननद के विवाह के लिए 7 लाख रुपए मांग रहे थे ससुराल वाले
एनसीआई@हनुमानगढ़
पल्लू थाना क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर बार-बार मारपीट करने से परेशान होकर एक विवाहिता ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। इसके बाद ससुराल के लोग उसे अस्पताल पहुंचाकर फरार हो गए। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दी, तब वे अस्पताल पहुंचे। पीहर पक्ष के लोग ससुराल वालों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर बुधवार को अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए।
नोहर सीओ ईश्वर सिंह और पल्लू थाना प्रभारी बिशन सहाय सीएचसी के बाहर धरने पर बैठे परिजनों की समझाइश करने में जुटे। पुलिस ने दहेज हत्या और आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर विवाहिता के पति को हिरासत में ले लिया है। वहीं, विवाहिता के पीहर पक्ष ने बेटी को फंदे पर लटकाने का आरोप भी ससुराल पक्ष पर लगाया है। उन्होंने कहा कि मृतका की बहन की शादी इसी महीने होने वाली थी। इस कारण दहेज में 7 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। एफएसएल टीम ने मौका निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। वहीं, मेडिकल बोर्ड का गठन कर पोस्टमॉर्टम करवाया गया।

दो साल पहले हुई थी शादी
पल्लू थाना प्रभारी बिशन सहाय ने बताया कि श्यामसुन्दर (50) पुत्र देवीलान सोनी निवासी मेहरी पीएस भालेरी, जिला चूरू, हाल निवासी वार्ड नं. 23 सरदारशहर, जिला चूरू ने मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट दी कि मेरी पुत्री अंजना उर्फ अंजू (22) की शादी 24 मार्च 2022 को संजय (25) पुत्र सोहन लाल सोनी निवासी मोटेर हाल पल्लू, हनुमानगढ़ के साथ हुई थी।
ससुराल पक्ष को दिए थे एक लाख
पीड़िता के पिता ने रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने शादी में अपनी हैसियत से भी ज्यादा दान-दहेज दिया था। उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही मेरी पुत्री अंजू को उसके पति संजय, अंजू की सास सुमित्रा (सरकारी टीचर) और अंजू की ननद रचना ने रुपयों की मांग करते हुए मारना-पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद मैंने करीब एक साल पहले इन तीनों संजय, अंजू की सास और ननद रचना को एक लाख रुपए दिए। इसके बावजूद भी उनकी मांग बंद नहीं हुई।
मारपीट कर नहीं देते थे खाना
रिपोर्ट के अनुसार, रुपयों को लेकर मेरी पुत्री अंजू उर्फ अंजना को तीनों बहुत बुरी तरह से मारपीट करते थे। खाना भी नहीं देते थे। कमरे में बंद कर देते थे। यह सारी बातें अंजू मुझे, मेरी पत्नी, मेरे बड़े भाई पवन कुमार और मेरे छोटे भाई चुन्नीलाल को बताती थी। इस पर हमने कई बार अंजना के पति संजय, अंजू की सास और उसकी ननद रचना को समझाया। दहेज के रुपए की मांग में संजय की नानी अंग्रेज कौर भी शामिल थी।
ननद की शादी होने पर मांग रहे थे 7 लाख रुपए
पीड़िता के पिता ने बताया कि करीब दस दिन पहले जब मेरी पुत्री अंजना उर्फ अंजू को पल्लू उसके ससुराल छोड़ने आया। तब अंजना के पति संजय, सास सुमित्रा और ननद रचना ने कहा कि 18 अप्रेल की हमारे शादी है। हमें हर सूरत में एक सप्ताह के अंदर-अंदर सात लाख रुपए देने होंगे। वरना कभी जिंदगी में अपनी पुत्री अंजना का मुंह नहीं देखोगे। अंजना के पिता ने बताया कि मैं उनके सामने रोया, गिड़गिड़ाया और कहा कि मैं गरीब आदमी हूं। तब वो तीनों बोले कि सात दिन इंतजार करेंगे। तब मैंने उन तीनों के द्वारा की गई सात लाख रुपए की मांग के बारे में मेरी पत्नी और भाइयों को बताया। इसके बाद हमारे पास संजय के मामा का फोन आया कि आप की पुत्री अंजना इस दुनिया में नहीं रही।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पति राउंडअप
पल्लू थाना प्रभारी बिशन सहाय ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल को सीज कर दिया है। वहीं, एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। सहाय ने बताया कि मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पल्लू पुलिस ने मृतका के पति से पूछताछ कर रही है। साथ ही अन्य लोगों की संलिप्तता की जानकारी भी जुटा रही है।
एक साल का बेटा मां-बाप के प्यार से महरूम
जानकारी के अनुसार मृतका के एक बेटा है। इसकी उम्र करीब एक साल है। पिता भी पुलिस की हिरासत में है। इस प्रकार अब एक साल का यह मासूम बेटा माता-पिता दोनों के प्यार से महरूम हो गया है। मृतका का पति पल्लू कस्बे में ज्वेलरी शॉप चलाता है। मामले की जांच सीओ नोहर ईश्वर सिंह कर रहे हैं।
