April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

सीएम भजनलाल ने कहा-विपक्षी दलों में दम नहीं, कांग्रेस ने जनहित के कोई काम नहीं किए, लोकसभा चुनाव परिणामों पर यह दावा किया

सीएम भजनलाल ने कहा-विपक्षी दलों में दम नहीं, कांग्रेस ने जनहित के कोई काम नहीं किए, लोकसभा चुनाव परिणामों पर यह दावा किया

एनसीआई@जयपुर

लोकसभा चुनावों के परिणाम आने से पहले जारी हुए एग्जिट पोल के अनुमानों में एनडीए को साफ बहुमत मिलता दिख रहा है। इन एग्जिट पोल अनुमानों पर सीएम भजनलाल शर्मा का कहना है कि देश का माहौल स्पष्ट है। जनता ने पीएम मोदी का विश्वास किया है। विश्वास इसलिए किया है, क्योंकि मोदी जो कहते हैं, वो करते हैं और जो करते है, वही कहते हैं।

सीएम शर्मा ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास कुछ भी नहीं है। उनका गठबंधन कितना अजीब है। दिल्ली में आप और कांग्रेस एक होकर चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं हरियाणा और पंजाब में अलग-अलग। इनकी क्या स्थिति हो गई है। इसलिए मैं कह सकता हूं कि विपक्ष पूरी तरह से हताश और निराश है। इनमें कोई दम नहीं है।

सितम्बर में बिजली उधार ली, गर्मी में लौटाने का एमओयू किया

सीएम भजनलाल शर्मा ने बिजली से जुड़े सवाल पर कहा कि कांग्रेस ने हमेशा जिस तरह के काम किए हैं, उनमें जनता का कोई हित नहीं था। जब बिजली की दर साढ़े तीन रुपए के आसपास थी, तब उन्होंने सितम्बर 2023 में बिजली उधार ली। इस पर भी उन्होंने (गहलोत सरकार ने) उस उधार ली गई बिजली को लौटाने का समय मई, जून, जुलाई में रखा। जबकि यह बिजली खपत के लिहाज से पूरे देश में पीक सीजन होता है। राजस्थान के लिए तो यह इसलिए भी बड़ी बात है कि यहां गर्मी सबसे ज्यादा गर्मी पड़ती है। गहलोत सरकार ने जो एमओयू किया था, उसके अनुसार हम प्रतिदिन 1.67 लाख यूनिट बिजली लौटा रहे हैं। इसी के साथ राज्य की जनता को भी बिजली दे रहे हैं।

महंगी बिजली लेकर भी दे रहे जनता को

सीएम ने आगे कहा- हमने थर्मल प्लांट चालू किए हैं। हम बाहर से बिजली खरीदने का काम भी कर रहे हैं। हमने जनता से जो वादा किया है, निश्चित रूप से हम उसकी पूर्ति करने का काम कर रहे हैं। चाहे हमें महंगी बिजली मिल रही है, लेकिन राज्य की जनता को पूरी तरह से बिजली देने का काम कर रहे हैं।

सीएम का दावा-25 की 25 सीटें जीतेंगे

सीएम भजनलाल ने कहा कि चाहे गरीब कल्याण की योजनाएं हो, विकास की योजनाएं हो, चाहे हमारी सीमाओं की सुरक्षा हो। आतंकवाद और नक्सलवाद से मुक्ति हो और चाहे दुनिया में बढ़ता हुआ भारत का गौरव हो। देश की जनता को पता है कि 2014 के बाद देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर तरफ विकास किया है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के नारे के साथ पीएम मोदी चल रहे हैं।

सीएम भजनलाल ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि 2014 में भी बीजेपी ने 25 सीटें जीती थीं। 2019 में भी 25 सीटें जीतीं। मैं कहना चाहता हूं कि 2024 में भी हम 25 सीटें जीतेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.