By Election Results 2024: उपचुनाव में I.N.D.I.A. की शानदार जीत, 13 में से BJP को मिली सिर्फ 2 सीटें
एनसीआई@नई दिल्ली
सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में इंडी गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन किया है। आज इनके परिणाम घोषित कर दिए गए। 13 में से 11 सीटों पर
I.N.D.I.A. ने जीत दर्ज की है, जबकि दो सीटें (हिमाचल की हमीरपुर और मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा) बीजेपी के खाते में गई हैं। वहीं, बिहार की रुपौली सीट पर RJD की बीमा भारती को करारी हार मिली है। इन 13 सीटों पर 10 जुलाई को वोटिंग हुई थी। एक बड़ी बात यह रही है कि इन चुनाव परिणामों पर अभी तक किसी ने ईवीएम को नहीं कोसा है।
जिन राज्यों में उपचुनाव हुए थे, उनमें बिहार, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश की नालागढ़ सीट पर सबसे ज्यादा 78.1 प्रतिशत मतदान हुआ था। वहीं, सबसे कम 47.68 फीसदी मतदान उत्तराखंड की बद्रीनाथ सीट पर हुआ था।
बीजेपी उम्मीदवार शीतल अंगुरल हारे
पंजाब में सत्तारूढ़ आप के मोहिंदर भगत ने जालंधर पश्चिम सीट पर अपने प्रतिद्वंद्वी व बीजेपी उम्मीदवार शीतल अंगुरल को 37 हजार 325 वोटों के अंतर से हरा दिया। अंगुरल के मार्च में आप विधायक के रूप में इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने के बाद यह सीट खाली हो गई थी। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि मोहिंदर भगत भाजपा से इस्तीफा देकर आप में शामिल हुए थे।
टीएमसी सांसद ममता बाला ठाकुर की बेटी जीती
टीएमसी की राज्यसभा सांसद और मतुआ नेता ममता बाला ठाकुर की बेटी टीएमसी की मधुपर्णा ठाकुर ने उत्तर 24 परगना जिले की बागदा विधानसभा सीट पर भाजपा के अपने प्रतिद्वंद्वी बिनय कुमार विश्वास पर 33 हजार 455 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी जीतीं
हिमाचल प्रदेश की देहरा विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने जीत दर्ज कर ली है। कमलेश ठाकुर ने बीजेपी प्रत्याशी होशियार सिंह को 9 हजार 399 वोटों के अंतर से हरा दिया है।
उपचुनाव में किसने, कहां से दर्ज की जीत
• पश्चिम बंगाल की सभी चारों सीटें टीएमसी ने जीती।
• हिमाचल की तीन में से कांग्रेस को दो सीटों पर जीत हासिल हुई है, जबकि एक सीट बीजेपी के खाते में गई है।
• पंजाब की जालंधर सीट पर आम आदमी पार्टी ने बाजी मारी है।
• उत्तराखंड की दोनों सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है।
• तमिलनाडु की विक्रावंडी सीट पर डीएमके को जीत मिली है।
• मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा सीट बीजेपी ने जीती है।
• बिहार की रुपौली सीट पर निर्दलीय शंकर सिंह चुनाव जीते। आरजेडी की बीमा भारती तीसरे नम्बर पर रहीं।
बिहार की रुपौली सीट पर आरजेडी की बीमा भारती हारीं
बिहार की रुपौली सीट पर आरजेडी की बीमा भारती चुनाव हार गई हैं। यहां से निर्दलीय शंकर सिंह ने जीत दर्ज की है। शंकर सिंह को 67,782 वोट मिले जबकि 59,578 वोट पाकर जेडीयू के कलाधर मंडल दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, तीसरे स्थान पर रहीं बीमा भारती को 30,114 वोट मिले।
हिमाचल में कांग्रेस ने 3 में से जीती 2 सीट
हिमाचल प्रदेश की तीन सीटों में से कांग्रेस को 2 सीटों पर जीत हासिल हुई है, जबकि एक सीट बीजेपी के खाते में गई है। कांग्रेस ने देहरा और नालागढ़ सीट पर जीत दर्ज की है। देहरा सीट से सीएम सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने चुनाव जीता है। वहीं, नालागढ़ से हरदीप सिंह बावा ने बीजेपी के केएल ठाकुर को 8,990 वोट से हरा दिया। हमीरपुर से आशीष वर्मा ने जीत दर्ज की।
पत्नी की जीत पर बोले सीएम सुक्खू: जनता ने दिया साफ संदेश
हिमाचल की देहरा सीट पर जीत हासिल करने पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पर कांग्रेस प्रत्याशी अपनी पत्नी कमलेश ठाकुर को ऐतिहासिक जीत की बधाई दी और मतदाताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा-इस चुनाव ने साफ संदेश दिया है कि लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने और केन्द्र की सत्ता के दम पर प्रदेश के जनादेश पर हमला करने की कारगुजारियां हिमाचल की जनता बर्दाश्त नहीं करने वाली।
