April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बीजेपी के समर्थक की हुई मौत, मस्जिद के इमाम ने जनाजे की नमाज पढ़ाने से कर‌ दिया इनकार, मामला पुलिस तक पहुंचा

बीजेपी के समर्थक की हुई मौत, मस्जिद के इमाम ने जनाजे की नमाज पढ़ाने से कर‌ दिया इनकार, मामला पुलिस तक पहुंचा

एनसीआई@मुरादाबाद

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। आरोप के अनुसार, यहां मस्जिद में एक मय्यत के जनाजे की नमाज पढ़ाने की इजाजत इसलिए नहीं मिली कि मृतक बीजेपी समर्थक रहा था। यह मामला कुन्दरकी नगर के मोहल्ला कायस्थान का है।

इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों को बुलाया और नमाज अदा करके उसे दफन किया। इस पूरे मामले को लेकर मृतक के परिजनों ने डीएम और एसएसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामले में 5 लोगों पर एफआईआर दर्ज कर ली है।

दरअसल, यहां के एक शख्स दिलनवाज ने मस्जिद के इमाम और गांव की कमेटी के लोगों पर इल्जाम लगाया कि उनके पिता की मौत के बाद जनाजे की नमाज पढ़ाने से मना कर दिया गया। अलीदाद खान नाम के शख्स का कुछ दिन पहले बीमारी की वजह इंतकाल हो गया था, जो बीजेपी का समर्थक था।‌ उनका बेटा अपने पिता के जनाजे को मस्जिद में ले गया, ताकि वहां उनकी नमाज-ए-जनाजा पढ़ाई जा सके। मृतक अलीदाद के बेटे दिलनवाज का आरोप है कि पिता के बीजेपी समर्थक होने की वजह से मस्जिद के इमाम ने जनाजे की नमाज पढ़ाने से मना कर दिया।

दिलनवाज
दिलनवाज

यह तो हिन्दू है, इनकी नमाज कैसे होगी?”

दिलनवाज ने बताया कि 23 जुलाई को दिल का दौरा पड़ने से उनके पिता का इंतकाल हो गया था।‌ जनाजे की नमाज के लिए वह मस्जिद गया तो इमाम और कमेटी के 4 लोगों ने ऐसा करने से मना कर दिया।‌ दिलनवाज ने बताया कि उसके पिता बीजेपी से जुड़े रहे हैं और हमेशा उसे ही वोट दिया है। इसलिए मस्जिद में कहा गया कि, “ये तो हिन्दू हैं, इनकी नमाज कैसे होगी?”

दिलनवाज ने की कार्रवाई की मांग

दिलनवाज ने कहा, “वे बदमाश किस्म के लोग हैं। मुझे और मेरे परिवार को उनसे जान का खतरा है। मैं उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई चाहता हूं।”

भाई को जान का खतरा

दिलनवाज की बहन व परिवार की अन्य महिला सदस्यों ने भी भी इस पूरे आरोप को दोहराते हुए कहा कि अब पिता तो रहे नहीं, इसलिए भाई की जान को खतरा है। इन्हें सुरक्षा दी जानी चाहिए।

मस्जिद के इमाम ने यह दी सफाई

वहीं, मस्जिद के इमाम मौलाना राशिद ने इस आरोप को गलत बताते हुए कहा, “मेरी जानकारी में ऐसी कोई बात नहीं थी।‌ उन्होंने इसे बेवजह मुद्दा बनाया है। जनाजे की नमाज उसी मस्जिद में हुई है, जहा मैं नमाज पढ़ाता हूं। कैमरे में सब कुछ रिकॉर्ड है। करीब के कब्रिस्तान में अलीदाद खान को दफन किया गया।‌ उनके रिश्तेदारों ने नमाज भी पढ़वाई है। नीचा दिखाने और बदनाम करने के लिए गलत आरोप लगाया जा रहा है।”

डीएम ने उचित कार्रवाई का दिया आश्वासन

इस पूरे मामले पर मुरादाबाद के डीएम अनुज कुमार सिंह ने कहा, “इस सम्बंध में शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले की जांच की जा रही है। एसडीएम, एडिशनल एसपी और एसपी सत्यता की जांच करा रहे हैं। मामला सही होने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.