हिंसा भड़काने का षड्यंत्र: कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद का बयान-‘जो बांग्लादेश में हो रहा है, वैसा भारत में भी हो सकता है’
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने बांग्लादेश के हालात पर कहा कि, जैसा वहां हो रहा है, वैसा देश में भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि यहां चीजें वैसे प्रसारित नहीं हो पाती हैं, जैसे बांग्लादेश में हुईं।
एनसीआई@नई दिल्ली
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि बांग्लादेश में जो हो रहा है वह भारत में भी हो सकता है। हालांकि यहां सब कुछ सामान्य लग सकता है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री खुर्शीद मंगलवार को शिक्षाविद मुजीबुर रहमान की किताब ‘शिकवा-ए-हिंद: द पॉलिटिकल फ्यूचर ऑफ इंडियन मुस्लिम्स’ की लॉन्चिंग के मौके पर बोल रहे थे।
खुर्शीद ने कहा, “कश्मीर में सब कुछ सामान्य दिख सकता है। यहां सब कुछ सामान्य लग सकता है। हम जीत का जश्न मना रहे होंगे, हालांकि निश्चित रूप से कुछ लोगों का मानना है कि वह जीत या 2024 की सफलता शायद मामूली थी, शायद अभी भी बहुत कुछ करने की जरूरत है।”
पूर्व विदेश मंत्री ने कहा, ”बांग्लादेश में जो हो रहा है वह यहां भी हो सकता है। हमारे देश में इसका प्रसार चीजों को तरीके से फैलने से रोकता है, जिस तरह से बांग्लादेश में फैलाया गया है।” उन्होंने कहा, ‘सच्चाई यह है कि सतह के नीचे कुछ है। बांग्लादेश में जो हो रहा है वह यहां भी हो सकता है।”
‘कांग्रेस नेता बांग्लादेश जैसा आइडिया किसे दे रहे हैं?’
हालांकि, कांग्रेस नेता के इस बयान पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रया दी है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस नेता बांग्लादेश जैसा आइडिया किसे दे रहे हैं। कांग्रेस कहती कुछ है और करती कुछ और है। बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने इसे लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का कहना है कि जहां तक बांग्लादेश का सवाल है तो वह भारत सरकार के साथ खड़ी है, क्योंकि यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है। इस पर कोई राजनीति नहीं की जानी चाहिए, लेकिन सलमान खुर्शीद जैसे नेता भारत के लोगों को यह कहकर भड़काने की कोशिश करते हैं कि जो हिंसा वहां हुई, वह भारत में भी हो सकती है। यह कांग्रेस पार्टी द्वारा ‘राष्ट्रनीति’ के ऊपर ‘राजनीति’ करने का एक और उदाहरण है।
‘भारतीय लोकतंत्र का मजाक उड़ाने वाला बयान’
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा, “यह भारतीय लोकतंत्र का मजाक उड़ाने वाला बयान है। इंदिरा गांधी ने 1975 में तानाशाही की पराकाष्ठा करते हुए देश में आपातकाल लगाया था। अभी भी कांग्रेस के नेताओं के अंदर आपातकाल की आत्मा घूम रही है… बांग्लादेश में मंदिर तोड़ना, हिन्दुओं को मारना, विपक्षी नेताओं को चुन-चुन कर मारना, इस पर कांग्रेस के लोग तालियां बजा रहे हैं? किस बात की खुशी हो रही है? ये सोच ही दुर्भाग्यपूर्ण है।”
‘कांग्रेस की सोच दिखा रहा खुर्शीद का बयान’
सलमान खुर्शीद के बयान पर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा- यह दिखाता है कि कांग्रेस पार्टी की सोच किस प्रकार की है। आज मुझे याद आता है जब राहुल गांधी संसद में खड़े होकर कहते थे कि इस देश में आग लगेगी, दंगे होंगे, प्रधानमंत्री पर हमला होगा। विदेश यात्रा में भी राहुल गांधी चोरी-छिपे कई लोगों से मिलते थे। आज मालूम पड़ रहा है कि आखिर उनकी मंशा क्या थी। ये बहुत ही गं६भीर विषय है। जब भारत में चारों तरफ इस तरह की परिस्थिति देखने को मिल रही है। कांग्रेस पार्टी जो देश का मुख्य विपक्ष है, क्या यही चाहती है? वे चुनाव में जीत नहीं पा रहे हैं, जिस कारण अपनी खीज इस प्रकार की अराजकता को फैलाकर निकाल रहे हैं।
बांग्लादेश छोड़ने पर मजबूर हुईं शेख हसीना
उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश गत माह जुलाई से शुरू हुए सरकार विरोधी हिंसक प्रदर्शनों से हिल गया था। इसके बाद सोमवार को प्रधानमंत्री शेख हसीना को इस्तीफा देकर अपने देश से पलायन करने पर मजबूर होना पड़ा। इस समय वह भारत में हैं और इंग्लैंड या किसी यूरोपियन देश में शरण लेने का प्रयास कर रही हैं।
