मंत्री के स्वागत में भिड़ गए भाजपाई, देहात महामंत्री का पैर हो गया फ्रेक्चर, भाजयुमो जिलाध्यक्ष पर हमले का आरोप, इस दंगल का कारण जान हंस पड़ेंगे आप
एनसीआई@हनुमानगढ़
वन महोत्सव कार्यक्रम के तहत आज बुधवार सुबह जिला प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा यहां आए। इस दौरान कोहला स्थित पेट्रोल पम्प के पास उनके स्वागत के दौरान दो भाजपा नेता आपस में ही बुरी तरह भिड़ गए। मामला मारपीट में बदल गया। इसमें एक भाजपा नेता का पैर फ्रेक्चर हो गया। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। यह दंगल मंत्री के साथ फोटो खिंचवाने की होड़ के चलते हुआ।

दरअसल, प्रभारी मंत्री गोदारा कोहला पहुंचे तो उनके स्वागत के लिए भाजपा देहात मंडल और भाजयुमो के नेता उमड़ पड़े। इस दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुशील जोशी और भाजपा देहात मंडल महामंत्री दयाराम शर्मा मंत्री के साथ फोटो खिंचवाने के चक्कर में भिड़ गए। दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। यह माहौल देख प्रभारी मंत्री तो वहां से रवाना हो गए, मगर इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसमें भाजपा देहात मंडल महामंत्री दयाराम शर्मा का पैर फ्रैक्चर हो गया। इस पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
यह लगाया आरोप
अस्पताल में भर्ती दयाराम शर्मा ने आरोप लगाया कि उन पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुशील जोशी ने गुप्ती और रॉड से वार किया। गुप्ती के हमले से तो वह बच गए, लेकिन पैर पर रॉड का हमला होने से फ्रेक्चर हो गया।महामंत्री शर्मा ने प्रदेश नेतृत्व से सुशील जोशी को पद से हटाने की मांग की है।
खबर लिखे जाने तक इस सम्बंध में टाऊन थाने में कोई केस दर्ज नहीं हुआ था। इधर, इस मामले को ठंडा करने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक शाम को जिला अस्पताल पहुंचे और शर्मा की कुशलक्षेम पूछी। साथ ही दोनों पक्षों के बीच राजीनामे का प्रयास किया।
एक वीडियो में यह दावा
वहीं, इस मामले से सम्बंधित बताया जा रहा एक अन्य वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यक्ति अपना नाम श्यामलाल शर्मा बताते हुए कह रहा है कि पेट्रोल पम्प पर हुई लड़ाई के दौरान उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो सुशील जोशी ने उसका मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया।
जोशी ने बताया आरोप को गलत

भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुशील जोशी ने उन पर लगे हमले के आरोप को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि मुझे सोशल मीडिया और मीडिया से पता चला कि प्रभारी मंत्री के स्वागत में रखे गए कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के बीच नोक-झोंक हो गई थी। मुझ पर भी मारपीट व अन्य आरोप लगे हैं। ये आरोप निराधार हैं। अगर ऐसी कोई बात है तो मैं मेरी तरफ से पहल करके बात करने का प्रयास करूंगा। हमारा भाजपा संगठन संगठित व मजबूत है।
