रिटायर्ड सूबेदार ने खुद पर पेट्रोल डालकर की आत्महत्या, कार सहित घर को भी लगा दी आग, कुछ दिन बाद है दो पोतियों की शादी
एनसीआई@झुंझुनूं
मुकुंदगढ़ क्षेत्र के गांव कसेरू में सेना के एक रिटायर्ड सूबेदार ने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। इससे पहले आरोपी ने घर और कार को भी आग लगा दी। यह घटना बुधवार रात दस बजे की है।
एसएचओ अभिलाषा ने बताया कि रिटायर्ड सूबेदार सुखदेवा राम (75) घर में अकेला रहता था। बुधवार रात को अचानक पहले घर के अंदर, कार और खुद पेट्रोल डाला। इसके बाद घर और कार को आग के हवाले करने के बाद खुद के आग लगा ली। आसपास के लोगों ने कार को जलते हुए देखा तो अफरा-तफरी मच गई।

लोगों की सूचना पर हेड कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे। फायर बिग्रेड मौके पर बुलाई गई। आग बुझाकर अंदर गए तो रिटायर्ड सूबेदार गम्भीर हालत में पड़े हुए थे। इस पर उन्हें मुकुंदगढ़ अस्पताल ले गए। जहां से उन्हें देर रात हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पुलिस को कोई रिपोर्ट नहीं मिली
एसएचओ अभिलाषा ने बताया कि रिटायर्ड सूबेदार सुखदेवा राम माइग्रेन और साइको पेशेंट थे। वह परिवार से अलग रहते थे। फिलहाल इस मामले में कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। मृतक के दो बेटे सुरेन्द्र और सुरेश हैं। ये दोनों परिवार सहित बेंगलुरु में रहते हैं।

दो साल से मकान में रह रहे थे अकेले
बड़े भाई सांवलराम ने बताया कि सुखदेवा राम साल 1990 में सेना से रिटायर हुए थे। पत्नी का साल 1985 में निधन हो गया था, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान थे। पहले 15 साल अकेले जयपुर में रहे और पिछले दो-तीन साल से गांव के मकान में ही अकेले रह रहे थे। वह परिवार के किसी सदस्य से सही से बात नहीं करते थे। हमेशा झगड़ा करने को तैयार रहते थे, इसलिए उनके बेटे-बेटी और परिवार के अन्य लोग भी उनसे बात नहीं करते थे।
इधर, आग लगने से मकान में रखा सामान जल गया है। दीवारों और छत का प्लास्टर भी गिर गया है। आसपास के लोगों ने वहां रखे सिलेंडर को फटने से बचा लिया।

27 नवम्बर को दो पोतियों की शादी
बताया गया है कि इससे पहले 1996 में भी मानसिक बीमारी के कारण सुखदेवा राम ने अपनी गाड़ी में आग लगा दी थी। उनके बेटे सुरेंद्र की दो पोतियों की शादी 27 नवम्बर को है। इसके लिए सुरेन्द्र और परिवार के बाकी लोग तैयारियों में लगे हुए हैं। इसी कारण सुरेन्द्र बेंगलुरु से गांव आया हुआ था।
